सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक में जिले में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद सड़क संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के साथ शुरू किया जाए। वहीं, सारंगढ़-सरायपाली मार्ग पर 21 अक्टूबर से निर्माण कार्य प्रारंभ करने की तैयारी है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और समय पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बरमकेला विकासखंड के भीखमपुरा स्थित सपेरा बस्ती के परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने इन परिवारों को 15 विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आवास, राशन कार्ड, पेंशन, महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसान पंजीयन और डिजिटल फसल सर्वेक्षण की स्थिति की जानकारी ली। जिले में किसान पंजीयन का कार्य 55.86 प्रतिशत तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण 98.16 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आवास योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि निर्धारित 2,132 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1,029 आवास पूर्ण हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष आवासों के निर्माण में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान, विकास कार्यों की प्रगति और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
- चौहान समाज भवन निर्माण की उठी मांग, आयोग अध्यक्ष ने दिया आश्वासन… - October 13, 2026
- नियमितीकरण समेत 3 मांगों पर गरजे तकनीकी सहायक कर्मचारी, धरने पर बैठे… - October 13, 2026
- दहेज के लिए प्रताड़ना, सखी सेंटर ने वापस दिलाया शादी का सामान… - October 13, 2026
