सारंगढ़। नगर के पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने मंगलवार को औचक निरीक्षण कर कड़ी नाराजगी जताई। विधायक ने दोपहर अचानक छात्रावास पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
छात्राओं ने विधायक को बताया कि उन्हें करीब एक वर्ष से सैनिटरी पैड उपलब्ध नहीं कराया गया है। छात्राओं के अनुसार इस संबंध में कई बार अधीक्षिका को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी इतनी महत्वपूर्ण सुविधा के लंबे समय से उपलब्ध नहीं होने पर विधायक ने गहरी चिंता जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सैनिटरी पैड जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में स्टॉक पंजी के नियमित संधारण में भी खामियां सामने आईं। जिला कार्यालय से छात्रावास के लिए कौन-कौन सी सामग्री, कितनी मात्रा में और कब उपलब्ध कराई गई, इसका स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं मिला। इसी तरह चावल के आवंटन और खपत से संबंधित रजिस्टर भी व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं किया जा रहा था। इससे शासन से प्राप्त खाद्यान्न की मात्रा, प्रतिदिन की खपत और शेष स्टॉक का सही हिसाब स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
विधायक श्रीमती जांगड़े ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राएं शासन की सीधी जिम्मेदारी हैं। उनके भोजन, सुरक्षा, स्वच्छता और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन और संबंधित विभाग का दायित्व है। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अधिकारी नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण करें और मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखें तो ऐसी कमियां लंबे समय तक बनी नहीं रह सकतीं। केवल कागजों में निरीक्षण दिखाने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी, बल्कि अधिकारियों को जमीनी स्तर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की वास्तविकता जांचनी होगी।
उन्होंने अधिकारियों को छात्रावास की स्टॉक पंजी, चावल आवंटन, खाद्यान्न खपत सहित सभी आवश्यक सामग्रियों के रिकॉर्ड की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं को सैनिटरी पैड सहित सभी जरूरी सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के विभिन्न छात्रावासों, स्कूलों और आश्रमों का लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं। इन निरीक्षणों के दौरान सामने आ रही कमियों को लेकर वे मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। विधायक के लगातार औचक निरीक्षणों से क्षेत्र में विभागीय व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ रही है।
श्रीमती जांगड़े ने स्पष्ट कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सरकारी संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के हित और उनके अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
