सारंगढ़। छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत मंगलवार को सारंगढ़ में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ पैदल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह प्रभारी जरिता लैटफलांग विशेष रूप से शामिल हुईं। जिला मुख्यालय पहुंचने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े, जिला महामंत्री सूरज तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता राजापारा स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र और मतदान के अधिकार को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस की प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैटफलांग ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार केवल वोट चोरी नहीं कर रही, बल्कि मतदाताओं से उनके मतदान के अधिकार को भी छीनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए पुतला दहन के माध्यम से अपना संदेश जनता तक पहुंचाएंगे।
मंच से विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े, विधायक कविता लहरे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन महामंत्री गोल्डी नायक ने किया।
मंचीय कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजापारा से पैदल मार्च शुरू किया। मार्च राजापारा, डीपापारा, बीरपारा, तुर्की तालाब गार्डन और सिविल लाइन होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र एवं मतदान के अधिकार से जुड़े नारे लगाए।
जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

- आवारा कुत्तों पर नपा का शिकंजा, सड़कों पर उतरी कुत्ता पकड़ू टीम… - October 6, 2026
- सारंगढ़ में नए अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने संभाला कार्यभार, प्रशासनिक अनुभव से विकास कार्यों को मिलेगी नई गति… - October 6, 2026
- खेलभांठा में 7 अक्टूबर को सेवा का महासंगम, विशाल रंगोली बनेगी आकर्षण… - October 6, 2026
