सारंगढ़। नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को तुर्की तालाब एवं गार्डन परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सूरज सिदार के नेतृत्व में नगर पालिका के सफाई कामगारों एवं कर्मचारियों ने तालाब परिसर में सफाई करते हुए कचरा, गंदगी और आसपास जमा अवशेषों को हटाया।
अभियान में नगर पालिका कर्मचारियों के साथ पूर्व पार्षद मनोज जायसवाल, पूर्व पार्षद अविनाश पुरी गोस्वामी सहित गणमान्य नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस दौरान तालाब परिसर, गार्डन और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया गया।
सभी वार्डों में जारी रहेगा अभियान
सीएमओ सूरज सिदार ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए सफाई अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर के सभी वार्डों में नियमित सफाई कार्य कराया जाएगा। साथ ही प्रमुख तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील
सीएमओ ने नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
तुर्की तालाब में आयोजित सफाई अभियान से स्थानीय नागरिकों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा। नगर पालिका की ओर से तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई की पहल को नागरिकों ने सराहनीय कदम बताया।


- आयकर रिटर्न की डेडलाइन बढ़ी, व्यापारियों को बड़ी राहत… - September 29, 2026
- जनदर्शन में उमड़ी फरियादें, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश… - September 29, 2026
- साइबर ठगी से बचने 68 जगह चौपाल, 7150 लोगों को किया जागरूक… - September 29, 2026
