सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों और आवेदनों के निराकरण में केवल खानापूर्ति न हो, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए और आवेदकों से फीडबैक भी लिया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के 12 तथा सुशासन तिहार के 94 लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि निराकरण के बाद आवेदकों से संपर्क कर यह भी सुनिश्चित करें कि उनकी समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है या नहीं।
कलेक्टर ने ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने, अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शासकीय निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 72 निर्माण कार्यों में से 53 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 19 कार्य अभी अपूर्ण हैं। कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। जिले में कुल 72 आंगनबाड़ी भवन भी स्वीकृत किए गए हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी
कलेक्टर ने हालिया बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, राहत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए।
तीन स्थानों पर लगेंगे सेवा संकल्प शिविर
राज्य शासन की प्राथमिकता वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में तीन विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 1 अक्टूबर को बिलाईगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय मैदान, 3 अक्टूबर को सारंगढ़ के दानसरा हायर सेकंडरी स्कूल परिसर तथा 5 अक्टूबर को बरमकेला के जनकपुर मिडिल स्कूल मैदान में शिविर आयोजित होगा।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविरों की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा आम लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


- आयकर रिटर्न की डेडलाइन बढ़ी, व्यापारियों को बड़ी राहत… - September 29, 2026
- जनदर्शन में उमड़ी फरियादें, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश… - September 29, 2026
- साइबर ठगी से बचने 68 जगह चौपाल, 7150 लोगों को किया जागरूक… - September 29, 2026
