सारंगढ़-बिलाईगढ़:
जिले के सरिया तहसील अंतर्गत कटंगपाली गांव में फ्लाई ऐश परिवहन को लेकर प्रशासन और ट्रांसपोर्टरों के बीच विवाद सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर सरिया तहसीलदार द्वारा की गई कार्रवाई के तहत पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से कई वाहन सरिया थाने में खड़े हैं। वाहन मालिकों का कहना है कि वैध दस्तावेजों के बावजूद न तो जब्ती की कोई वैधानिक रसीद या धारा बताई जा रही है और न ही वाहनों को छोड़ा जा रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत और प्रशासनिक जांच
जानकारी के अनुसार, आशीष गोयल के नाम से डी.बी. पावर प्लांट से फ्लाई ऐश परिवहन की अनुमति ली गई थी। अनुमति के तहत कार्य शुरू होने पर कुछ ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की अनापत्ति (NOC) को लेकर आपत्ति जताई और जिला कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सरिया तहसीलदार जांच के लिए मौके पर पहुंचे।
ट्रांसपोर्टरों का दावा है कि पर्यावरण विभाग रायगढ़ से संबंधित सभी आवश्यक अनुमतियां पूरी हैं और स्थानीय स्तर पर सहमति के बाद ही कार्य शुरू किया गया था। जांच के दौरान मौके पर मौजूद 5 से 6 गाड़ियों (जिनमें लोड और खाली दोनों वाहन शामिल थे) को रोककर सरिया थाने भिजवा दिया गया।

नियमों के पालन पर ट्रांसपोर्टरों के सवाल-
गाड़ी मालिकों का कहना है कि किसी भी प्रकार की वैधानिक जब्ती के दौरान जब्ती पत्रक और लागू कानूनी धाराओं की प्रति वाहन चालक या मालिक को दी जानी अनिवार्य होती है।
वाहन मालिकों का आरोप है कि
सरिया थाने में गाड़ियां बिना किसी स्पष्ट जब्ती मेमो के खड़ी हैं।
थाना प्रभारी का कहना है कि वाहन तहसीलदार के निर्देश पर खड़े कराए गए हैं।
तहसील कार्यालय में संपर्क करने पर बताया गया कि मामला खनिज विभाग को संदर्भित किया गया है, जबकि फ्लाई ऐश प्रबंधन का अधिकार क्षेत्र मुख्य रूप से पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत आता है।
खाली वाहनों (जैसे सीजी 13 ए वाय 9948) को भी रोके रखा गया है, जिससे प्रतिदिन प्रति वाहन हजारों रुपये की ईएमआई और परिचालन का नुकसान हो रहा है।
ट्रांसपोर्टरों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यदि कोई नियम उल्लंघन हुआ है, तो नियमानुसार पेनाल्टी या वैधानिक नोटिस जारी किया जाए, अन्यथा वाहनों को अविलंब मुक्त किया जाए।
तहसीलदार का पक्ष-
इस पूरे मामले में जब सरिया तहसीलदार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका आधिकारिक वक्तव्य प्राप्त होते ही उसे खबर में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मानित हुए पत्रकार शुकदेव वैष्णव… - September 29, 2026
- छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का एक दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन 4 अक्टूबर को रायपुर मे होगा सम्पन्न..नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के साथ विवाह योग्य युवाओं का होगा परिचय… - September 29, 2026
- सरिया : फ्लाई ऐश परिवहन मामले में गाड़ियां जब्त…बिना औपचारिक नोटिस वाहन रोकने का ट्रांसपोर्टरों ने लगाया आरोप.. - September 29, 2026
