बरमकेला। विकासखंड बरमकेला अंतर्गत महिला एवं बाल विकास परियोजना लेंधरा द्वारा राधा-माधव मंदिर परिसर में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा दीदियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक तथा जिला पंचायत सदस्य सहोदरा सिदार रहीं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अभिलाषा नायक ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे गांव-गांव तक स्वास्थ्य, पोषण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
वहीं जिला भाजपा मंत्री विलास सारथी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शौच मुक्त ग्राम, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि एवं तेंदूपत्ता संग्रहण जैसी योजनाओं के उद्देश्यों और ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा दीदियों को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य जमीनी स्तर पर महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों के योगदान को प्रोत्साहित करना और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर जनपद सदस्य धनेश्वरी सारथी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ललिता पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूतनाथ पटेल, मीरा साहू, परियोजना अधिकारी सुभाषिनी पांडा, दुर्गा दिनकर, यज्ञसेनी साहू सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा दीदियां एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।


- ‘वोट चोरी’ के सवालों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन… - September 28, 2026
- आंगन मिलन में सम्मानित हुईं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा दीदियां… - September 28, 2026
- महानदी के उफान से डूमरपाली-तिलहाडीहा जलमग्न, 400 एकड़ फसल तबाह… - September 28, 2026
