सारंगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से ‘वोट चोरी’ को लेकर उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी।
ज्ञापन जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को सौंपा गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े किसी भी सवाल का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान होना जरूरी है। चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सभी शिकायतों और आरोपों की जांच निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत किए जाने की मांग की गई।

पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
कांग्रेस के कार्यक्रम को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल की तैनाती रही। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मुंडन कर रामनाथ सिदार ने जताया विरोध
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे के साथ मुंडन कराकर अपना विरोध दर्ज कराया। उनका यह विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में चर्चा का प्रमुख विषय रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। देशभर में कांग्रेस द्वारा मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

- ‘वोट चोरी’ के सवालों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन… - September 28, 2026
- आंगन मिलन में सम्मानित हुईं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा दीदियां… - September 28, 2026
- महानदी के उफान से डूमरपाली-तिलहाडीहा जलमग्न, 400 एकड़ फसल तबाह… - September 28, 2026
