सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत शिक्षा से वंचित एवं पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों और उनके अभिभावकों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, पारिवारिक परिस्थितियों और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी संघर्षपूर्ण परिस्थितियों और दोबारा पढ़ाई शुरू करने की कहानी साझा की। धानी जांगड़े ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्हें आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़कर जम्मू-कश्मीर जाना पड़ा था। अब वापस लौटने के बाद उन्होंने कक्षा 9वीं में प्रवेश लेकर फिर से पढ़ाई शुरू की है। वहीं प्रियंका निषाद ने कक्षा 9वीं के बाद ओपन स्कूल के माध्यम से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और अब 11वीं कक्षा में प्रवेश लिया है। बातचीत के दौरान प्रियंका ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने उसे मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसी तरह बड़े खैरा निवासी ध्रुव कुमार यादव ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें पढ़ाई छोड़कर हरियाणा के ईंट-भट्ठे में काम करने जाना पड़ा था। अब वे वापस लौटकर कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहे हैं। इन बच्चों की कहानियां इस बात की मिसाल बनीं कि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर परिस्थितियों के कारण शिक्षा से दूर हुए बच्चे फिर से अपने सपनों की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा से वंचित बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक भरतलाल सहित जिले के 8 शिक्षकों को कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों को पुस्तक एवं पेन वितरित कर नियमित रूप से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आर्थिक कठिनाई, पारिवारिक परिस्थितियां या अन्य कारण किसी बच्चे की शिक्षा में स्थायी बाधा नहीं बननी चाहिए। ऐसे बच्चों को समय पर सहयोग, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान इसी उद्देश्य के साथ बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, सदस्य ज्योति पटेल, एसडीएम उमेश साहू, जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी नरेश चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


- “मां” की मौत का दर्द लेकर इंसाफ की तलाश में दर-दर भटकता बेटा!अब सिर्फ सारंगढ़ एसपी सुनील शर्मा से न्याय की उम्मीद..जमीन विवाद के बाद बुजुर्ग मां की मौत से टूटा परिवार…दोषियों पर जल्द कार्रवाई की लगाई गुहार.. - September 19, 2026
- सारंगढ़ में शिक्षा की राह लौटे बच्चे, सेवा संकल्प ने जगाई नई उम्मीद… - September 19, 2026
- सारंगढ़ में सेवा संकल्प का असर, छूटी पढ़ाई फिर शुरू; बच्चों ने बुना सुनहरा भविष्य… - September 19, 2026
