सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल कटेली में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ विषयक चित्रकला एवं रचनात्मकता कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला-कौशल से विकसित भारत की शानदार तस्वीर प्रस्तुत की। प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने डिजिटल भारत, हरित भारत, स्वच्छ पर्यावरण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से कागज पर जीवंत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि “सपनों का भारत अब केवल किताबों में नहीं, बच्चों की सोच में है। आज के बच्चे ही भविष्य के स्वर्णिम भारत की मजबूत नींव हैं।”
उन्होंने कहा कि बच्चों की कल्पना और विचारों में विकसित भारत की स्पष्ट तस्वीर दिखाई देती है। जब विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मकता और कल्पनाशीलता के रंगों से विकसित भारत का कैनवास तैयार किया, तो पूरा वातावरण उत्साह और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।
पाण्डेय ने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने केवल अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि अपने हुनर के माध्यम से यह भी बताया कि वे आने वाले भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। किसी चित्र में डिजिटल तकनीक से सशक्त भारत दिखाई दिया तो किसी में हरियाली, स्वच्छ पर्यावरण, सामाजिक एकता और समरसता का संदेश नजर आया।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों की सोच जितनी सकारात्मक और रचनात्मक होगी, देश का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम को विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोमा ठाकुर ने भी संबोधित किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में अधिवक्ता दीपक तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ भाजपा नेता, संस्था के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा ने यह संदेश दिया कि विकसित भारत की तस्वीर केवल योजनाओं में नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के सपनों और सोच में भी आकार ले रही है।



- सारंगढ़ में 28 सितंबर को होगा वार्ड आरक्षण, आम जनता की मौजूदगी में पूरी होगी प्रक्रिया… - September 19, 2026
- शिवकुमारी साहू ने जलाए सेवा के दीप, रायकोना में गूंजा जनकल्याण का संकल्प… - September 19, 2026
- सारंगढ़:सूर्य घर योजना बनी वरदान, बिजली बिल घटा तो खेती को मिला सहारा… - September 19, 2026
