सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां गांव-गांव सामने आ रही हैं। ग्राम गोबरसिंहा निवासी किसान नेतराम पटेल के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बिजली बचत के साथ आर्थिक राहत का माध्यम बनी है।
योजना के तहत घर पर सौर पैनल लगने के बाद नेतराम पटेल के बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल हर माह करीब 2200 से 2300 रुपए आता था। सौर पैनल स्थापित होने के बाद अब यह घटकर लगभग 250 से 300 रुपए प्रतिमाह रह गया है। इससे उन्हें हर महीने करीब 2 हजार रुपए की बचत हो रही है।
नेतराम पटेल बताते हैं कि बिजली बिल में बचने वाली राशि अब वे कृषि कार्य में खर्च कर रहे हैं। खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक खर्चों में यह बचत उनके लिए आर्थिक सहारा बन रही है। उनके अनुसार, पहले बिजली बिल के लिए हर महीने बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती थी, लेकिन अब वही राशि परिवार की जरूरतों और खेती के काम में उपयोग हो रही है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से घर की बिजली जरूरतें पूरी होने के साथ नियमित बिजली खर्च भी कम हुआ है। योजना से मिली इस सुविधा ने परिवार की आर्थिक स्थिति पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।
नेतराम पटेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं आम परिवारों और किसानों को बिजली खर्च कम करने तथा बचत बढ़ाने में मदद कर रही हैं। उन्होंने अन्य नागरिकों और किसान परिवारों से भी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आई नेतराम पटेल की कहानी इस बात को रेखांकित करती है कि सौर ऊर्जा केवल बिजली का विकल्प नहीं, बल्कि परिवार की नियमित बचत और कृषि जरूरतों के लिए आर्थिक सहारा भी बन सकती है।

- सारंगढ़ में 28 सितंबर को होगा वार्ड आरक्षण, आम जनता की मौजूदगी में पूरी होगी प्रक्रिया… - September 19, 2026
- शिवकुमारी साहू ने जलाए सेवा के दीप, रायकोना में गूंजा जनकल्याण का संकल्प… - September 19, 2026
- सारंगढ़:सूर्य घर योजना बनी वरदान, बिजली बिल घटा तो खेती को मिला सहारा… - September 19, 2026
