सारंगढ़। आगामी नगरीय निकाय आम निर्वाचन दिसंबर 2026 को लेकर सारंगढ़ नगर पालिका परिषद के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया अब निर्धारित कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 28 सितंबर 2026, सोमवार को सुबह 11 बजे जिला कार्यालय सारंगढ़ के सभाकक्ष में वार्ड आरक्षण की कार्यवाही की जाएगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, अटल नगर, नवा रायपुर के पत्र क्रमांक GENCOR-34/45/2025/U.A.D., दिनांक 8 जुलाई 2026 के अनुसार कलेक्टर को इस कार्यवाही के लिए विहित प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी के तहत सारंगढ़ नगर पालिका परिषद के वार्डों का आरक्षण छत्तीसगढ़ नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग तथा महिला आरक्षण) संबंधी प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।

जनता और राजनीतिक दलों को खुला अवसर
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वार्ड आरक्षण की कार्यवाही में भाग लेने के इच्छुक आम नागरिक एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि 28 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में उपस्थित हो सकते हैं। जनता की उपस्थिति में नियमों के अनुरूप आरक्षण की प्रक्रिया पूरी करने का उद्देश्य कार्यवाही को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।
आरक्षण प्रक्रिया को लेकर नगर के विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित पार्षद प्रत्याशियों की भी नजरें अब 28 सितंबर की कार्यवाही पर टिकी हैं। वार्डों के आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद आगामी नगरीय चुनाव की तैयारियों को भी नई दिशा मिलने की संभावना है।
प्रचार-प्रसार और मुनादी के निर्देश
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को आरक्षण कार्यवाही की जानकारी व्यापक रूप से प्रचारित करने तथा मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों और राजनीतिक दलों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान की जानकारी मिल सके और अधिक से अधिक लोग प्रक्रिया में उपस्थित हो सकें।
आदेश की प्रतिलिपि सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर, सचिव नगरीय प्रशासन विभाग, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, एसडीएम, जिला जनसंपर्क अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी भेजी गई है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब 28 सितंबर को होने वाली यह आरक्षण प्रक्रिया सारंगढ़ नगर पालिका के आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
- सारंगढ़ में 28 सितंबर को होगा वार्ड आरक्षण, आम जनता की मौजूदगी में पूरी होगी प्रक्रिया… - September 19, 2026
- शिवकुमारी साहू ने जलाए सेवा के दीप, रायकोना में गूंजा जनकल्याण का संकल्प… - September 19, 2026
- सारंगढ़:सूर्य घर योजना बनी वरदान, बिजली बिल घटा तो खेती को मिला सहारा… - September 19, 2026
