सारंगढ़। एक ओर शासन-प्रशासन द्वारा नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारी के नाम से एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक व्यक्ति के सामने शराब की बोतल और गिलास दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में संबंधित व्यक्ति के शराब सेवन करने का दावा किया जा रहा है। उसके हाथ में सिगरेट जैसी वस्तु भी दिखाई देती है। वीडियो को सारंगढ़ के पचपेड़ी मदिरा केंद्र के अहाते का बताया जा रहा है।
हालांकि, स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे के अनुसार वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति NRLM ‘बिहान’ के DPM राजीव सिंह बताए जा रहे हैं।
अधिकारी के आचरण को लेकर उठे सवाल-
NRLM ‘बिहान’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्व-सहायता समूहों और महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं। ऐसे में विभाग से जुड़े किसी अधिकारी के नाम से कथित वीडियो सामने आने के बाद उनके आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, केवल वायरल वीडियो के आधार पर यह निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा कि उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति वास्तव में संबंधित अधिकारी ही हैं या उन्होंने किसी सेवा नियम का उल्लंघन किया है।
मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वास्तव में संबंधित सरकारी अधिकारी है और वीडियो कार्यालयीन समय के बाद का है, तो क्या संबंधित विभाग के सेवा एवं आचरण नियम निजी समय में शराब सेवन के संबंध में कोई प्रतिबंध या दायित्व निर्धारित करते हैं।
यह स्पष्ट करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होगी। वहीं, यदि वीडियो कार्यालयीन समय या सरकारी दायित्व के दौरान का पाया जाता है, तो मामले की प्रकृति अलग हो सकती है और विभागीय जांच की आवश्यकता भी बन सकती है।
संपर्क का प्रयास, फोन नहीं उठाया-
वायरल वीडियो के संबंध में कथित DPM राजीव सिंह जूदेव का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। फोन किए जाने के बावजूद अधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके चलते उनकी ओर से वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सका।
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो को लेकर विभाग क्या रुख अपनाता है और क्या मामले की तथ्यात्मक जांच कराई जाती है।
- Asian Games 2026 में भारतीय क्रिकेट की दोहरी चुनौती: पुरुष टीम रवानगी को तैयार, महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंची… - September 19, 2026
- छत्तीसगढ़ में 17 साल की बच्ची से गैंगरेप, परिचित ने दोस्तों संग मिलकर की दरिंदगी, फिर इस हालत में छोड़कर हुए फरार… - September 19, 2026
- सारंगढ़ में आवारा कुत्ते का तांडव..कुछ घंटे मिनट में दर्जनों को लहूलुहान कर भागा पागल कुत्ता…शहर में मची चीख-पुकार.. - September 19, 2026
