सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शिक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए 19 सितंबर को जिले के सभी 1206 शासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक साथ विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, पालकों और समाज को शिक्षा के महत्व से जोड़ना तथा शिक्षा से वंचित बच्चों को विद्यालय की मुख्यधारा में लाने के लिए सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत जिले के सभी 1206 विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी शिक्षा के महत्व, बच्चों को विद्यालय से जोड़ने, पालकों की भूमिका और समाज की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही पूर्व में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। बच्चों की बनाई तस्वीरों के माध्यम से उनके सपनों, कल्पनाओं और शिक्षा एवं समाज के प्रति उनके विचारों को लोगों के सामने लाया जाएगा।
विद्यालय स्तर पर आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, पालक और विद्यालय समुदाय भी सक्रिय रूप से शामिल होंगे। अभियान के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि किसी भी बच्चे की शिक्षा केवल परिवार या विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने और उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए पालकों एवं समुदाय को जागरूक किया जाएगा।
पीएम श्री सेजेस सारंगढ़ में होगा मुख्य कार्यक्रम
19 सितंबर को पीएम श्री सेजेस सारंगढ़ में दोपहर 12 बजे से जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रमुख विषय “शिक्षा से वंचित बच्चों एवं पालकों का शिक्षा में सहयोग” रहेगा। इस दौरान शिक्षा से दूर रह गए बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा पालकों को बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम सारंगढ़ में शिक्षा और जनभागीदारी के बीच मजबूत कड़ी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। जिले के 1206 विद्यालयों में एक साथ होने वाली गतिविधियों के जरिए बच्चों में अपनी बात रखने का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ समाज में शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।

- सारंगढ़ में ‘सेवा संकल्प’ की नई पहल, हर बच्चे तक पहुंचेगी शिक्षा.. - September 18, 2026
- सारंगढ़ की संतोषी के लिए महतारी वंदन बनी उम्मीद की किरण… - September 18, 2026
- सारंगढ़ में हजारों दीयों से जगमगाया माई नाथलदाई मंदिर, सेवा संकल्प में दिखी श्रद्धा और जनभागीदारी की रोशनी… - September 18, 2026
