सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 सितंबर 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और वार्ड स्तर पर होने वाली गतिविधियों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।
अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक “आंगन का उत्सव” आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों, माताओं, किशोरियों, पालकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को जोड़कर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया जाएगा। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और वार्डों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है। महतारी वंदन योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों और हितग्राहियों से भी इस पहल में सहभागी बनने का आग्रह किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ प्रत्येक परिवार को विकसित भारत @2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
कार्ययोजना के अनुसार 25 सितंबर को “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा रोपण” अभियान के जरिए पोषण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। 26 सितंबर को आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई और आंगन सजाने, 27 सितंबर को पालक सम्मेलन तथा 28 सितंबर को न्योता भोज आयोजित होगा।
29 सितंबर को ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और टीकाकरण कार्यक्रम होगा। 30 सितंबर को गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के साथ संवाद कर शिशु पालन से जुड़े अनुभव साझा किए जाएंगे।
1 अक्टूबर को बाल मेला एवं चित्रकला प्रतियोगिता, 2 अक्टूबर को किशोरी बालिकाओं के पोषण विषय पर मातृशक्ति एवं माताओं से संवाद और 3 अक्टूबर को “मोर अंगना मोर बाड़ी” के तहत पोषण वाटिका निर्माण किया जाएगा। 4 अक्टूबर को पोषण जागरूकता कार्यक्रम एवं पौष्टिक आहार प्रदर्शन, 5 अक्टूबर को ईसीसीई दिवस और 6 अक्टूबर को 15 से 49 वर्ष की महिलाओं के लिए एनीमिया जांच शिविर आयोजित होगा।
7 अक्टूबर को सास-बहू सम्मेलन के साथ अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों का समापन होगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को परियोजना मुख्यालय स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को सहयोग देने वाले स्थानीय लोगों का सम्मान किया जाएगा।
अभियान की निगरानी के लिए जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। परियोजना स्तर पर बाल विकास परियोजना अधिकारियों और सेक्टर स्तर पर पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रमों की फोटोग्राफी, रिपोर्टिंग और निगरानी की भी व्यवस्था की गई है।
सभी कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, सरपंच, पंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ समन्वय कर संयुक्त आयोजन किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान को महज कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने पर जोर दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों को ग्राम स्तर पर जनसंपर्क और सहभागिता के प्रमुख केंद्र के रूप में सक्रिय किया जा रहा है। विभागीय मैदानी अमले के माध्यम से हितग्राहियों और परिवारों को 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो और शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव तथा जनसेवा के प्रति नागरिकों की कृतज्ञता की भावना व्यापक रूप से सामने आए। “आंगन का उत्सव” के जरिए मातृशक्ति, बच्चों और परिवारों की सक्रिय सहभागिता से सेवा संकल्प अभियान को जिले के गांव-गांव तक पहुंचाने की कवायद की जा रही है।

- सारंगढ़ की नीतू बनीं ‘लखपति दीदी’, 80 हजार मासिक कमाई से लिखी आत्मनिर्भरता की कहानी… - September 15, 2026
- डीडीसी शिवा अनिल साहू के निवास पर सजा तीज का दरबार, भक्ति में डूबीं माताएं-बहनें… - September 15, 2026
- सारंगढ़:टंकराम वर्मा की अपील—17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’ - September 15, 2026
