सारंगढ़। हरितालिका तीज के पावन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) शिवा अनिल साहू के निवास पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। माताओं एवं बहनों ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं पति की दीर्घायु की कामना की। महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को सामूहिक रूप से तीज पर्व की पूजा संपन्न की।
डीडीसी शिवा अनिल साहू के निवास पर भगवान शिव एवं माता पार्वती की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर पूजा स्थल को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। शाम होते ही महिलाएं पारंपरिक परिधान एवं सोलह श्रृंगार में सजकर पूजा स्थल पर पहुंचीं और पूजन सामग्री के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद महिलाओं ने हरितालिका तीज की कथा का श्रवण किया तथा भगवान शिव-पार्वती से परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं रात्रि में व्रत के जागरण के लिए भव्य कीर्तन का आयोजन हुआ। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कीर्तन में सहभागिता निभाई। देर रात तक धार्मिक भजनों और भगवान शिव-पार्वती के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर श्रीमती शिवा अनिल साहू ने कहा कि हरितालिका तीज हमारी सनातन परंपरा और नारी आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। सामूहिक रूप से पर्व मनाने से हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में गंगा देवी, गायत्री देवी, मोंगरा बाई, लता, लीला, शिवा, किरण, प्रमिला, प्रीति, शालिनी, सुनीता, रश्मि, बसंती, श्रद्धा, नेहा, अनिल, सुनील, राजेश, रमेश सहित बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं।



- सारंगढ़ की नीतू बनीं ‘लखपति दीदी’, 80 हजार मासिक कमाई से लिखी आत्मनिर्भरता की कहानी… - September 15, 2026
- डीडीसी शिवा अनिल साहू के निवास पर सजा तीज का दरबार, भक्ति में डूबीं माताएं-बहनें… - September 15, 2026
- सारंगढ़:टंकराम वर्मा की अपील—17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’ - September 15, 2026
