सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 सितंबर 2026। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ नागरिकों को विकसित भारत @2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ा जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम स्तर तक व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिले के 25 गांवों का चयन शत-प्रतिशत दीया प्रज्वलन के लिए किया गया है। इन गांवों में प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मैदानी अमले को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

खाड़ाबांध तालाब में होगा जिला स्तरीय आयोजन
जिले का प्रमुख जिला स्तरीय कार्यक्रम खाड़ाबांध तालाब में आयोजित किया जाएगा। यहां शाम 6 बजे से सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जबकि शाम 7 बजे “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और योजनाओं के लाभार्थियों की सहभागिता रहेगी।
योजना के हितग्राहियों को जोड़ा जाएगा अभियान से
केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तिमूलक एवं समूह मूलक हितग्राहियों को भी कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी है। संबंधित विभागों के अधिकारियों और मैदानी अमले को हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें 17 सितंबर की शाम दीप प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिले के विकासखंड, नगर पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम स्तर तक अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। ग्रामीण माताओं, बहनों और दीदियों समेत विद्यार्थियों, युवाओं तथा आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभागवार कार्ययोजना बनाई गई है।
जिला से ग्राम स्तर तक नोडल अधिकारी तैनात
कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए जिला, विकासखंड, क्लस्टर और ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायत, नगर पंचायत और विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें लेकर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रबुद्धजनों से भी सहभागिता की अपील
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले नागरिकों से “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया है। जिले के रामनामी परिवारों, साहित्यकारों, चिकित्सकों और अन्य वरिष्ठजनों को भी आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

25 गांवों से पूरे जिले तक पहुंचेगा संदेश
17 सितंबर की शाम जलने वाला “आशीर्वाद का दीया” जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत @2047 के निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा। 25 चयनित गांवों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्वलन के साथ जिले के अन्य ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के जरिए लाभार्थियों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जोड़कर जनसेवा एवं नागरिक सहभागिता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


- सारंगढ़ की नीतू बनीं ‘लखपति दीदी’, 80 हजार मासिक कमाई से लिखी आत्मनिर्भरता की कहानी… - September 15, 2026
- डीडीसी शिवा अनिल साहू के निवास पर सजा तीज का दरबार, भक्ति में डूबीं माताएं-बहनें… - September 15, 2026
- सारंगढ़:टंकराम वर्मा की अपील—17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’ - September 15, 2026
