सारंगढ़। जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह में पुलिस ने असंगठित क्षेत्र के युवाओं एवं श्रमिकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत जिले के 66 स्थानों—थानों, चौकियों, स्कूल-कॉलेजों एवं गांवों—में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 5205 लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस टीमों ने युवाओं और श्रमिकों को विशेष रूप से फर्जी नौकरी के विज्ञापनों, आकर्षक ऑनलाइन जॉब ऑफर और फर्जी भर्ती एजेंसियों से सावधान रहने की सलाह दी। साइबर ठग नौकरी दिलाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन, सिक्योरिटी राशि या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे मांगकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने सुरक्षित रोजगार के लिए रोजगार कार्यालय, आईटीआई, कौशल विकास केंद्र एवं श्रमिक सहायता केंद्र जैसे अधिकृत माध्यमों का उपयोग करने की अपील की।
जागरूकता कार्यक्रमों में फिशिंग लिंक के खतरों की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि ठग आकर्षक नौकरी, इनाम या अन्य लुभावने ऑफर का मैसेज भेजकर लोगों को मिलते-जुलते नाम वाली नकली वेबसाइट पर क्लिक करवाते हैं। इसके बाद निजी जानकारी, बैंक डिटेल, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर बैंक खातों से रकम निकाल लेते हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों से विशेष सावधानी बरतें। किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN और UPI PIN साझा नहीं करें। संदिग्ध गतिविधि या साइबर फ्रॉड की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा साइबर हेल्प डेस्क को दें।
पुलिस ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है। अभियान के माध्यम से पुलिस ने युवाओं एवं आम नागरिकों को डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने का संदेश दिया।

- फर्जी नौकरी से सावधान! 5205 लोगों को साइबर ठगी से बचने का संदेश… - September 13, 2026
- चातुरी नंद को बड़ी जिम्मेदारी, चौहान समाज में खुशी की लहर… - September 13, 2026
- सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, 17 सितंबर से जिलेभर में होंगे जनभागीदारी के आयोजन… - September 13, 2026
