सारंगढ़। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय सेवा फाउंडेशन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सराहनीय पहल की गई। सरिया क्षेत्र की सपेरे की बस्ती एवं झुग्गी-झोपड़ी में निवासरत जरूरतमंद लोगों के बीच समाजसेवी सतीश यादव ने फूड पैकेट का वितरण किया। इस दौरान जरूरतमंदों को आवश्यक कपड़े भी प्रदान किए गए। भोजन और कपड़े मिलने से बच्चों सहित जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
इस अवसर पर समाजसेवी सतीश यादव ने कहा कि सेवा फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाना है। संस्था का प्रयास है कि जरूरतमंदों की परिस्थितियों को समझते हुए उन्हें भोजन, कपड़े सहित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा का कार्य किसी एक स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि जहां भी जरूरत होगी, सेवा फाउंडेशन के सदस्य वहां पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करेंगे।
सेवा फाउंडेशन द्वारा रायपुर में भी बच्चों के बीच भोजन वितरण कर सेवा कार्य किया गया। संस्था लगातार ऐसे प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर छोटी-छोटी खुशियां लाने का काम कर रही है। संस्था की ओर से प्रत्येक रविवार को बच्चों के लिए विशेष पौष्टिक व्यंजन तैयार करवाकर वितरित किया जाता है, ताकि बच्चों को स्वाद के साथ बेहतर पोषण भी मिल सके।
इसी क्रम में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से झुग्गी-झोपड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के बीच शुद्ध देशी घी से तैयार पौष्टिक सूजी का नमकीन उपमा वितरित किया गया। संस्था का मानना है कि जरूरतमंद बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने से उनके स्वास्थ्य और शारीरिक विकास में सकारात्मक योगदान दिया जा सकता है।
सेवा फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि समाज में जरूरतमंदों की सहायता करना केवल दान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। संस्था आगे भी भोजन वितरण, वस्त्र वितरण और बच्चों के पोषण से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

- पलायन से आत्मनिर्भरता तक: बैगन की खेती से कृष्णा बनीं लखपति दीदी… - September 11, 2026
- सारंगढ़ में गूंजेगा गणपति नाम, भव्य सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 14 सितंबर को… - September 11, 2026
- ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ को सफल बनाने जुटे भाजपाई, पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश… - September 11, 2026
