सारंगढ़। भाजपा की प्रस्तावित ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ को लेकर लेंध्रा मंडल में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय मुख्य प्रवक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान यात्रा की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरे उत्साह, सक्रियता और समर्पण के साथ ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ में भागीदारी निभाएं तथा गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। ऐसे में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ यात्रा की तैयारियों को गति दें और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास करें।
बैठक में मंडल प्रभारी नरेश देवांगन, मंडल अध्यक्ष शारदा मालाकार, दयाराम चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष चक्रधर पटेल सहित बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर उत्साह दिखाई दिया और इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

- पलायन से आत्मनिर्भरता तक: बैगन की खेती से कृष्णा बनीं लखपति दीदी… - September 11, 2026
- सारंगढ़ में गूंजेगा गणपति नाम, भव्य सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 14 सितंबर को… - September 11, 2026
- ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ को सफल बनाने जुटे भाजपाई, पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश… - September 11, 2026
