सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शुक्रवार को निर्माणाधीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन तथा नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
कलेक्टर ने लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की वर्तमान स्थिति, उपयोग की जा रही सामग्री तथा भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। भवन में सामने आई सीपेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों से समाधान कराकर इसका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्माण स्थल का नियमित निरीक्षण करने तथा साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा सके।
इसके बाद कलेक्टर ने लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित कोर्ट रूम की संरचना और सुविधाओं की जानकारी लेते हुए इसे न्यायालयीन कार्यों के अनुरूप अधिक विस्तृत एवं सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय भवन केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किए जाने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण से जुड़े अधिकारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय भवनों का निर्माण पूरा होने के बाद आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए भवन की डिजाइन और व्यवस्थाओं में व्यावहारिकता को प्राथमिकता दी जाए।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के तहत कलेक्टर ने खाड़ा बंध तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अभियान के दौरान जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, नायब तहसीलदार प्रकाश पटेल, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



- पलायन से आत्मनिर्भरता तक: बैगन की खेती से कृष्णा बनीं लखपति दीदी… - September 11, 2026
- सारंगढ़ में गूंजेगा गणपति नाम, भव्य सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 14 सितंबर को… - September 11, 2026
- ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ को सफल बनाने जुटे भाजपाई, पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश… - September 11, 2026
