सारंगढ़। विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की कृपा से सारंगढ़ में श्री सिद्धि विनायक मंदिर के भव्य निर्माण कार्य का शुभारंभ होने जा रहा है। श्री सिद्धि विनायक मंदिर निर्माण समिति द्वारा मंदिर परिसर में तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
आयोजन की शुरुआत 12 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से सराबोर इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद 13 सितंबर को मंदिर पूजा एवं शिखर कलश पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न होगी।
आयोजन के अंतिम दिन 14 सितंबर को शाम 5 बजे श्री सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा धार्मिक रीति-रिवाज एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगी। इस अवसर पर भगवान श्री गणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर में विघ्नहर्ता की स्थापना की जाएगी।
यह तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन कलेक्ट्रेट भवन के पीछे, झरियापारा, सारंगढ़ में आयोजित किया जाएगा। मंदिर निर्माण समिति ने नगरवासियों एवं समस्त श्रद्धालु भक्तों से इस पावन अवसर पर सपरिवार शामिल होकर भगवान श्री सिद्धि विनायक का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन समिति ने कहा कि भगवान श्री गणेश जी का मंदिर नगरवासियों की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बने, इसी उद्देश्य से इस धार्मिक आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।
आयोजक— श्री सिद्धि विनायक मंदिर निर्माण समिति, सारंगढ़ एवं समस्त भक्तगण व आयोजन समिति, सारंगढ़।


- पलायन से आत्मनिर्भरता तक: बैगन की खेती से कृष्णा बनीं लखपति दीदी… - September 11, 2026
- सारंगढ़ में गूंजेगा गणपति नाम, भव्य सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 14 सितंबर को… - September 11, 2026
- ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ को सफल बनाने जुटे भाजपाई, पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश… - September 11, 2026
