सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 सितंबर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना भटगांव पुलिस ने थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 70 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि अर्जुन गोंड पिता हीरासिंह गोंड, उम्र 19 वर्ष, निवासी सलोनीकला सबरिया डेरा, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ अपने मकान में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब छिपाकर रखा हुआ है।
मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक 10 लीटर क्षमता वाली सफेद प्लास्टिक जरीकेन में 10 लीटर तथा एक सफेद प्लास्टिक बोरी के अंदर रखी सफेद डिब्बी में करीब 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 70 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 14,000 रुपये है, गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर लिया।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
अवैध शराब की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी अर्जुन गोंड के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
शिव धारी की सक्रियता की हो रही सराहना
अवैध शराब के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई को लेकर थाना भटगांव प्रभारी शिवकुमार धारी की कार्यशैली की चर्चा हो रही है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करना पुलिस की सजगता को दर्शाता है। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ बढ़ा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। थाना भटगांव पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने की उम्मीद है।


- पलायन से आत्मनिर्भरता तक: बैगन की खेती से कृष्णा बनीं लखपति दीदी… - September 11, 2026
- सारंगढ़ में गूंजेगा गणपति नाम, भव्य सिद्धि विनायक मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 14 सितंबर को… - September 11, 2026
- ‘सेवा से संकल्प यात्रा’ को सफल बनाने जुटे भाजपाई, पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश… - September 11, 2026
