सारंगढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल एवं ऋचा सिंह ने आमजनों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और आवेदनों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि दिलाने, तालाब में चेकडेम निर्माण कर लिफ्ट सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्कूल जाने वाले मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण कराने जैसी महत्वपूर्ण मांगें सामने आईं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही की मृत्यु के बाद परिवार के सदस्य का नाम नामिनी के रूप में दर्ज करने तथा योजना से जुड़ी अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए भी नागरिकों ने आवेदन सौंपे।
इसके अलावा नवीन राशन कार्ड बनाने, राशन कार्ड निरस्त कराने, वृद्धावस्था पेंशन दिलाने और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर पहुंचे नागरिकों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी परेशानियां रखीं। संबंधित अधिकारियों ने आवेदकों को आवश्यक जानकारी देने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
जनदर्शन के दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुके जनदर्शन के जरिए जिला प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं और मांगों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इससे आम लोगों को अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद बनी रहती है।


- सरसीवा के मुड़पार में घर से मिला 81 लाख रुपये का जखीरा.. - September 8, 2026
- मोदी के 25 साल के सेवा सफर को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प… - September 8, 2026
- सारंगढ़ नगरपालिका की जिम्मेदारी विधायक चातुरी नंद के कंधे पर.. - September 8, 2026
