सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 सितंबर 2026। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस ने थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के कुशल नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर रहे एक शराब कोचिया को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी की सक्रियता और पुलिस टीम की मुस्तैदी से की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती दीपिका मिंझ के मार्गदर्शन में थाना भटगांव पुलिस अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है। इसी दौरान 7 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में सफेद रंग के प्लास्टिक थैले में देशी प्लेन शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री करने के उद्देश्य से परिवहन कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 नग देशी प्लेन शराब, कुल मात्रा 9 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये है, बरामद हुई। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PE 9503 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत हिरवानी पिता परमानंद हिरवानी, उम्र 25 वर्ष, निवासी भटगांव वार्ड क्रमांक 14, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने जब्त शराब एवं मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में भटगांव पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता साफ नजर आ रही है। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर भी चर्चा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब सहित किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

- शिवकुमार धारी की मुस्तैदी से शराब कोचिया गिरफ्तार, 50 नग देशी शराब जब्त… - September 7, 2026
- गोपाल बाघे का सरकार पर बड़ा हमला, बरमकेला-सोहेला सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल… - September 7, 2026
- सुर-ताल और नृत्य से सजी शाम, ‘पावस प्रसंग’ का भव्य समापन… - September 7, 2026
