सारंगढ़, 7 सितंबर 2026। जनपद पंचायत सारंगढ़ के अंतर्गत 129 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-जी राम जी योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ तथा रोजगारमूलक गतिविधियों के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से अवगत कराया गया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत अमलीडीपा में रोजगार दिवस एवं चावल उत्सव के अवसर पर विशेष जनचौपाल का आयोजन किया गया। जनचौपाल में जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ राधेश्याम नायक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं।
जनचौपाल में वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के अंतर्गत मजदूरीमूलक एवं आजीविका संवर्धन गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। सीईओ नायक ने डबरी निर्माण के नए प्रस्ताव तैयार करने तथा स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डबरी निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और उनकी आजीविका भी मजबूत होगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपूर्ण आवासों की समीक्षा की गई। सीईओ ने अपूर्ण आवास वाले हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को आवास जल्द पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सचिव एवं रोजगार सहायकों को सतत निगरानी और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चावल उत्सव के दौरान ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित खाद्यान्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। रोजगार दिवस के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ रोजगार, आवास, जल संरक्षण और खाद्यान्न सुरक्षा जैसे विषयों पर जागरूक किया गया।

- सरसीवा के मुड़पार में घर से मिला 81 लाख रुपये का जखीरा.. - September 8, 2026
- मोदी के 25 साल के सेवा सफर को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प… - September 8, 2026
- सारंगढ़ नगरपालिका की जिम्मेदारी विधायक चातुरी नंद के कंधे पर.. - September 8, 2026
