सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 सितंबर 2026। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का “सेवा संकल्प अभियान” आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत @2047 के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। अभियान को लेकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राज्य शासन के निर्देशानुसार अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक आदेश जारी किए हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति गठित की गई है। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभिन्न पहलों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दायित्व निर्धारित किए गए हैं।

17 सितंबर की शाम से होगी शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या “आशीर्वाद का दीया” पहल से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार दीप प्रज्वलित कर जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करेगा और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेगा। शासन की योजनाओं के लाभार्थियों से घर-घर संपर्क कर उन्हें इस पहल से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक दीपक जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगा।
बच्चों के सपनों में दिखेगा विकसित भारत
अभियान के तहत “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” पहल भी आयोजित होगी। शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बच्चों को विकसित भारत की अवधारणा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अपने सपनों और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। चयनित प्रविष्टियों की जिला एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा “नमो सेवा गाथा” के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसेवा और योजनाओं का संदेश दिया जाएगा। “आंगन का उत्सव” में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सम्मान एवं मातृ संवाद होगा, जबकि “कहानी बदलाव की” के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक कहानियां सामने लाई जाएंगी।
12 पहलों से जुड़ेगा हर वर्ग
सेवा संकल्प अभियान में “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति यात्रा”, “जल जन सेवा संकल्प”, “सेवा—मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार”, “रंगोली राष्ट्र”, “राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज” और “जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट” सहित कुल 12 विविध पहलें आयोजित की जाएंगी।
इन गतिविधियों के जरिए गांव, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर तक नागरिकों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जनभागीदारी पर कलेक्टर का जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार कर मैदानी टीमों को उपलब्ध कराने और ग्राम, वार्ड तथा विकासखंड स्तर पर जिम्मेदारियां पहले से तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यवस्थाएं समय से पहले होंगी पूरी
कार्यक्रम स्थलों का चयन, अनुमति, सुरक्षा, यातायात, विद्युत, ध्वनि, एलईडी स्क्रीन और लाइव प्रसारण जैसी व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने को कहा गया है। अनावश्यक खर्च से बचते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों और अधोसंरचना का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है।
अभियान की एकरूप पहचान के लिए निर्धारित नाम, लोगो, हैशटैग और प्रचार सामग्री का उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक गतिविधि का फोटो-वीडियो अभिलेखीकरण कर जिले की प्रगति की नियमित रिपोर्ट राज्य स्तर पर भेजी जाएगी। जिला प्रशासन सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
- गोपाल बाघे का सरकार पर बड़ा हमला, बरमकेला-सोहेला सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल… - September 7, 2026
- सुर-ताल और नृत्य से सजी शाम, ‘पावस प्रसंग’ का भव्य समापन… - September 7, 2026
- नेत्रदान का संकल्प बना जनआंदोलन, 24 राज्यों में अभामा की सखियों ने जगाई अलख… - September 7, 2026
