सारंगढ़, 7 सितंबर 2026। डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के प्रभावी क्रियान्वयन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। वहीं खैरागढ़ 86 प्रतिशत के साथ दूसरे और कोरिया 81 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।
प्रशासन द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे को प्राथमिकता देते हुए लगातार मैदानी स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है। 6 सितंबर 2026 को शाम 4.30 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 53 हजार 524 प्लॉटों में से 47 हजार 350 प्लॉटों का सर्वे पूरा हो चुका है। इस तरह सर्वे कार्य की प्रगति 88.45 प्रतिशत पहुंच गई है। वहीं 35 हजार 476 सर्वे का अनुमोदन किया जा चुका है और अनुमोदन की प्रगति 74.93 प्रतिशत दर्ज की गई है।

सरसींवा सबसे आगे, भटगांव भी 93 प्रतिशत पार
जिले की सभी छह तहसीलों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से जारी है। सारसींवा तहसील ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 8,187 में से 7,653 प्लॉटों का सर्वे पूरा कर 93.27 प्रतिशत प्रगति हासिल की है। यहां 5,348 सर्वे अनुमोदित हो चुके हैं।
भटगांव तहसील में 6,235 प्लॉटों में से 5,847 का सर्वे पूरा किया गया है। यहां सर्वे की प्रगति 93.15 प्रतिशत है तथा 3,748 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
सारंगढ़ तहसील में 16,134 प्लॉटों के विरुद्ध 14,032 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण हुआ है। तहसील ने 88.60 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है। यहां 12,061 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं और अनुमोदन की प्रगति 84.36 प्रतिशत है।
इसी तरह सारिया तहसील में 5,491 में से 4,647 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण कर 86.64 प्रतिशत प्रगति हासिल की गई है। यहां 3,258 सर्वे अनुमोदित किए गए हैं।
बिलाईगढ़ तहसील में 7,876 प्लॉटों में से 6,745 का सर्वे पूरा हुआ है, जिससे प्रगति 85.49 प्रतिशत पहुंच गई है। यहां 5,132 सर्वे अनुमोदित हो चुके हैं।
वहीं बरमकेला तहसील में 9,626 प्लॉटों के विरुद्ध 8,136 प्लॉटों का सर्वे पूर्ण किया गया है। तहसील की सर्वे प्रगति 84.49 प्रतिशत है तथा 5,910 सर्वे अनुमोदित किए जा चुके हैं।
100 प्रतिशत लक्ष्य पर प्रशासन की नजर
प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद जिला प्रशासन की नजर अब डिजिटल क्रॉप सर्वे को शत-प्रतिशत पूरा करने पर है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य में इसी गति और गंभीरता को बनाए रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने, लंबित प्लॉटों के सर्वे में तेजी लाने तथा मैदानी अमले के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शेष कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में नंबर-1 की उपलब्धि के बाद अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रशासन का लक्ष्य 100 प्रतिशत सर्वे पूरा कर इस अग्रणी स्थिति को बरकरार रखना है।

- गोपाल बाघे का सरकार पर बड़ा हमला, बरमकेला-सोहेला सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल… - September 7, 2026
- सुर-ताल और नृत्य से सजी शाम, ‘पावस प्रसंग’ का भव्य समापन… - September 7, 2026
- नेत्रदान का संकल्प बना जनआंदोलन, 24 राज्यों में अभामा की सखियों ने जगाई अलख… - September 7, 2026
