सारंगढ़, 07 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने बिलाईगढ़ विकासखंड के अंदरूनी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा कर शिक्षा, आश्रम-छात्रावास, निर्माण कार्यों और ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता जांची, जर्जर भवनों की स्थिति देखी और अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

पिरदा में जर्जर स्कूल भवनों का लिया जायजा
कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल पिरदा का निरीक्षण किया, जहां कक्षा 10वीं में 9 विद्यार्थी उपस्थित मिले। उन्होंने स्कूल परिसर में संचालित प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल के जर्जर भवनों का निरीक्षण किया। जर्जर भवनों के डिस्मेंटलिंग और नवीन भवन निर्माण के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
ग्राम पिरदा को धरती आबा जनजातीय ग्राम में शामिल किया गया है। कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्मार्ट क्लास रूम का भी निरीक्षण किया और ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कन्या आश्रम में 34 छात्राओं की सुविधाओं की जानकारी
शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम पिरदा में 34 छात्राएं निवासरत मिलीं। कलेक्टर ने आश्रम भवन, रसोईघर और निर्माणाधीन शौचालय का निरीक्षण किया। परिसर में मौजूद जर्जर शौचालय भवन को डिस्मेंटल कर नया शौचालय बनाने के निर्देश दिए।
रसोईघर में पहुंचकर उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और बच्चों को प्रतिदिन दिए जाने वाले भोजन की जानकारी ली तथा छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बच्चों से अंग्रेजी पढ़वाकर परखी पढ़ाई की गुणवत्ता
कलेक्टर ने शासकीय हाई स्कूल बोड़ा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलिहा का निरीक्षण किया। सलिहा में उन्होंने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर लिखे अंग्रेजी शब्द पढ़वाए। इसके साथ ही बच्चों से उपसर्ग एवं प्रत्यय लिखवाकर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा।
स्कूल में लकड़ी से भोजन पकाए जाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने एलपीजी गैस से भोजन पकाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में विकसित किचन गार्डन का भी निरीक्षण किया।
बोड़ा में बच्चों से पूछे पहाड़े, कराया पुस्तक वाचन
बोड़ा में कलेक्टर ने रिचार्ज पिट और विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत किए गए तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। स्कूल परिसर में उन्होंने प्राथमिक एवं हाई स्कूल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
कलेक्टर ने बच्चों से पहाड़े पूछे और उनसे पुस्तक वाचन कराया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ पुस्तक पढ़कर सुनाई। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने और शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए।
स्कूल परिसर के पास स्मार्ट क्लास रूम के लिए प्रस्तावित नवीन भवन का भूमि पूजन भी किया गया। कलेक्टर ने ठेकेदार को निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तीन माह के भीतर भवन तैयार करने के निर्देश दिए।
छुईहा में 900 एकड़ खेतों की सिंचाई व्यवस्था परखी
ग्राम पंचायत छुईहा में कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत निर्मित वाटर कोर्स का निरीक्षण किया। पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले पानी को नाली के माध्यम से तालाब तक पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया।
बताया गया कि इस जल संरचना से लगभग 900 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। कलेक्टर ने जल संरचना के बेहतर रखरखाव और किसानों को इसका अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने तालाब में महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मछली पालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, ग्रामीणों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
पूरे निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचे। उन्होंने स्कूलों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता तथा आश्रम-छात्रावासों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक, डिप्टी कलेक्टर राणा, तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ योगेश्वरी बर्मन, एपीओ शशिकांत, डीएमसी नरेश चौहान, एससी ट्राइबल विभाग के संचालक बद्री प्रसाद, पीओ किशन जायसवाल, टीए लकेश्वर जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


- गोपाल बाघे का सरकार पर बड़ा हमला, बरमकेला-सोहेला सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल… - September 7, 2026
- सुर-ताल और नृत्य से सजी शाम, ‘पावस प्रसंग’ का भव्य समापन… - September 7, 2026
- नेत्रदान का संकल्प बना जनआंदोलन, 24 राज्यों में अभामा की सखियों ने जगाई अलख… - September 7, 2026
