सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में एक महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार घर खर्च को लेकर हुए विवाद के बाद बेटे ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हत्या के साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी किया गया। मामले में पुलिस ने मृतिका के बेटे और पति दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने जिले में गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना कोसीर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

मृत अवस्था में मिली महिला, शुरू हुई मर्ग जांच
पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर 2026 को सम्पत बरेठ थाना कोसीर पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी बृतबाई बरेठ घर में मृत अवस्था में पड़ी है तथा उसकी मृत्यु किस कारण से हुई, इसकी जानकारी नहीं है। सूचना पर थाना कोसीर में मर्ग क्रमांक 24/26 कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता नाग बंजारे ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। शव का निरीक्षण एवं पोस्टमार्टम कराया गया। शव परीक्षण के दौरान महिला के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर एवं शरीर में गंभीर चोटों के कारण मृत्यु होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी।
गांव वालों ने सुनी थी झगड़े और मारपीट की आवाज
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ की। पूछताछ में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि 4 सितंबर को मृतिका बृतबाई बरेठ के साथ उसके पति और बेटे द्वारा लड़ाई-झगड़ा एवं मारपीट किए जाने की आवाज गांव के लोगों ने सुनी थी।
इसके बाद पुलिस ने मृतिका के बेटे सोहन बरेठ और पति सम्पत बरेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में बेटे सोहन बरेठ ने घटना को स्वीकार किया और अपने मेमोरेंडम कथन में घटनाक्रम के संबंध में जानकारी दी।
मां ने पिता का पक्ष लिया तो बेटे का फूटा गुस्सा
पुलिस के अनुसार आरोपी सोहन ने बताया कि 4 सितंबर को वह अपनी मां को हाथ का इलाज कराने विश्वासपुर ले गया था। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच घर लौटने के बाद वह कुछ समय के लिए बाहर चला गया।
शाम करीब 5 बजे घर लौटने पर घर खर्च में अधिक पैसा खर्च होने की बात को लेकर उसका अपने पिता सम्पत बरेठ से विवाद हो गया। इसी दौरान उसकी मां ने अपने पति का पक्ष लिया, जिससे आरोपी नाराज हो गया और मां से भी विवाद करने लगा। झगड़े के दौरान उसका पिता घर से बाहर चला गया।
आरोप है कि इसके बाद सोहन अपनी मां को पीछे आंगन की ओर ले गया और वहां फरसा/लकड़ी, पीढ़ा तथा हाथ में आए अन्य ठोस सामान से उसके साथ मारपीट की, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद खून साफ कर शव को खटिया पर लिटाया
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। मृतिका के शरीर पर पानी डालकर खून साफ करने की कोशिश की गई। इसके बाद वह अपनी मां के शव को वहीं छोड़कर सोने चला गया।
रात करीब 12 से 1 बजे के बीच आरोपी ने बाहर पड़े शव को उठाकर घर के अंदर लाया और खटिया पर लिटा दिया।
अगली सुबह जब पिता सम्पत बरेठ घर पहुंचा और उसने अपनी पत्नी को खटिया पर मृत अवस्था में देखा, तब सोहन ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों द्वारा मृतिका के अंतिम संस्कार की तैयारी की जाने लगी।
कोटवार के हस्तक्षेप से खुला मामला
इसी दौरान गांव के कोटवार को घटना की जानकारी मिली। कोटवार के पुत्र ने अंतिम संस्कार करने से रोकते हुए थाना में सूचना देने की बात कही। इसके बाद सम्पत बरेठ थाना कोसीर पहुंचा और पत्नी की मृत्यु की सूचना देते हुए मृत्यु का कारण पता नहीं होने की बात कही।
पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर सम्पत बरेठ से भी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार उसने भी घटना से जुड़े तथ्यों को अपने मेमोरेंडम कथन में स्वीकार किया।
हत्या सहित साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज
विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा महिला के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या करने, घटना के साक्ष्य छिपाने तथा पुलिस को गलत सूचना देने के तथ्य सामने आने पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 134/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने—
- सोहन बरेठ, पिता सम्पत बरेठ, उम्र 24 वर्ष
- सम्पत बरेठ, पिता भकाडु बरेठ, उम्र 57 वर्ष
दोनों निवासी डडाईडीह, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को 6 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। सोहन बरेठ की गिरफ्तारी रात 20:30 बजे तथा सम्पत बरेठ की गिरफ्तारी 20:35 बजे की गई।
दोनों आरोपियों को 7 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक सुनीता बंजारे, एएसआई केसराम जांगड़े, प्रधान आरक्षक क्रमांक 74 भीमसेन, आरक्षक गोपाल साहू, सुरेश बर्मन, घनसाय कुर्रे, नरेंद्र चंद्रा एवं प्रदीप रात्रे का विशेष योगदान रहा।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का संदेश है कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- गोपाल बाघे का सरकार पर बड़ा हमला, बरमकेला-सोहेला सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल… - September 7, 2026
- सुर-ताल और नृत्य से सजी शाम, ‘पावस प्रसंग’ का भव्य समापन… - September 7, 2026
- नेत्रदान का संकल्प बना जनआंदोलन, 24 राज्यों में अभामा की सखियों ने जगाई अलख… - September 7, 2026
