सारंगढ़, 4 सितंबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव की बड़ी खबर सामने आई है। बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी की शिक्षिका सुनीता यादव का राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए छत्तीसगढ़ से एकमात्र शिक्षिका के रूप में चयन हुआ है। शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सुनीता यादव के चयन से जिले के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।
शिक्षिका सुनीता यादव शिक्षा में नवाचार, साहित्य, तकनीक और सामाजिक सरोकारों को जोड़कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें वर्ष 2024 में राज्य शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2025 में साहित्य के क्षेत्र में पंडित मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकरण से भी उन्हें नवाजा गया।

कमजोर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
सुनीता यादव की पहचान एक नवाचारी शिक्षिका के रूप में है। वे कक्षा के अंतिम पायदान पर रहने वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करती हैं। साहित्य को शिक्षा से जोड़ते हुए बच्चों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर अनुभव आधारित शिक्षा देने पर उनका विशेष जोर रहता है।
बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर भी शिक्षिका का प्रयास उल्लेखनीय है। वे अपने स्वयं के व्यय से विद्यालय के बच्चों को नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराती हैं। इसके साथ ही अधिक से अधिक न्योता भोज आयोजित करवाकर बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम कर रही हैं।
तकनीक और नवाचार से रोचक बना रहीं पढ़ाई
शिक्षिका सुनीता यादव ने आधुनिक तकनीक को भी अपनी शिक्षण पद्धति का हिस्सा बनाया है। वे बच्चों को दीक्षा एप और स्टोरीवीवर के माध्यम से पढ़ाती हैं। शिक्षण को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने लघु फिल्मों का भी निर्माण किया है, जिसमें बच्चे और स्वयं शिक्षिका अभिनय करते हैं।
इसके अलावा वे ऑडियो बुक, पॉडकास्ट, ब्लॉगिंग, रिपोर्टिंग, रोजगारमूलक शिक्षा और स्मार्ट क्लास जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को नए तरीके से सीखने का अवसर दे रही हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर किया शोध
सुनीता यादव की उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण पहल यह भी है कि उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्राथमिक विद्यालयों में आए परिवर्तन पर शोध पत्र तैयार किया है। उन्हें जिले की पहली महिला शिक्षिका बताया गया है, जिन्होंने इस विषय पर शोध पत्र के माध्यम से प्राथमिक शिक्षा में हो रहे बदलावों को सामने रखा।
बिलासपुर में आदिवासी बच्चों के लिए भी किया काम
शिक्षिका का शिक्षा के प्रति समर्पण केवल अपने विद्यालय तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बिलासपुर जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय तिलकडीह में आदिवासी बच्चों के लिए निःशुल्क समर कैंप चलाकर अध्यापन कार्य किया। इस दौरान बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी सीखने की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय
सुनीता यादव शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए सीड बॉल निर्माण और भारतीय सैनिकों के सम्मान में राखी निर्माण जैसे कार्यों से भी वे जुड़ी रही हैं। शिक्षा, साहित्य, पर्यावरण, तकनीक और सामाजिक सेवा के इन प्रयासों ने उनके कार्यों को अलग पहचान दिलाई है।
मेधावी छात्रा से राष्ट्रीय सम्मान तक का सफर
सुनीता यादव का जन्म सांकरा-जोंक, जिला महासमुंद में जाने-माने उत्कृष्ट शिक्षक पठान नाग यादव एवं रुपा यादव के परिवार में हुआ। छात्र जीवन से ही वे मेधावी रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सांकरा-जोंक में हुई। इसके बाद उन्होंने कला महाविद्यालय पिथौरा से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर तथा पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय बिलासपुर से बीएड की उपाधि प्राप्त की।
उनका विवाह बरमकेला के व्यवसायी नंदकुमार यादव से हुआ। उनकी एकमात्र संतान सृजना यादव गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई कर रही हैं।
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए एकमात्र चयनित होकर सुनीता यादव ने न केवल अपने विद्यालय और बरमकेला का बल्कि पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनके सम्मान की खबर से जिले के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है।
- छत्तीसगढ़:जन्माष्टमी पर मटकी बांधते समय करंट की चपेट में आया युवक, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती… - September 4, 2026
- दस्तावेजों में बड़ा खेल पड़ा भारी, रोहित पर BCCI का 2 साल का बैन… - September 4, 2026
- राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान में चमकी सारंगढ़ की सुनीता यादव… - September 4, 2026
