सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत सारंगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम सिंघनपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान 3 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिंघनपुर में दो व्यक्ति बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखे हुए हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने गवाहों एवं हमराह स्टाफ के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब रखने वालों में हड़कंप मच गया।

दो आरोपियों के कब्जे से 45 लीटर शराब बरामद
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राकेश राणा पिता विष्णु राणा, निवासी सिंघनपुर, थाना सारंगढ़ के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये है, बरामद की।
वहीं दूसरे आरोपी मोहन चौहान पिता दीनू चौहान, निवासी सिंघनपुर, थाना सारंगढ़ के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये है, बरामद की गई।
इस प्रकार पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 45 लीटर अवैध महुआ शराब, कीमत करीब 9 हजार रुपये की शराब जब्त की।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने शराब को विधिवत जप्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
एसपी के निर्देश पर लगातार हो रही कार्रवाई
जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई से शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में खलबली मची हुई है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारियों को लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। इन्हीं निर्देशों का असर है कि पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए मुखबिर की सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
सारंगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई यह कार्रवाई भी पुलिस की सक्रियता और मजबूत सूचना तंत्र का परिणाम मानी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक भँवर काटले, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, विमल जांगड़े, भूपेंद्र चंद्रा, दिनेश चौहान, महिला आरक्षक लता जांगड़े सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा है। लगातार हो रही कार्रवाई से आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ रहा है और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस की मुहिम को मजबूती मिल रही है।
- राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान में चमकी सारंगढ़ की सुनीता यादव… - September 4, 2026
- सारंगढ़ पुलिस का नशे के खिलाफ प्रहार, प्रमोद यादव की टीम ने दो शराब तस्करों को दबोचा… - September 4, 2026
- स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा मौका…सारंगढ़ में GDA प्रशिक्षण के लिए प्रवेश शुरू…JSM हॉस्पिटल और गुरु अर्जन देव सोसाइटी की नई पहल…प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के साथ रोजगार का सीधा अवसर… - September 4, 2026
