सारंगढ़, 3 सितंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी खरीफ विपणन वर्षों में जिले के किसानों को धान बेचने में सुविधा देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 8 नवीन धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान की है। शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 31 अगस्त 2026 को इसकी अनुमति जारी की गई है।
शासन की स्वीकृति के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों के किसानों में उत्साह का माहौल है। नए उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत होने के साथ ही धान विक्रय प्रक्रिया भी किसानों के लिए अधिक सुविधाजनक होगी।
इन गांवों में खुलेंगे नए केंद्र
स्वीकृत नवीन धान उपार्जन केंद्रों में अमलीपाली (ब), देवसागर, रोहिना, टाटा अमुर्रा, बरगांव, धनीगांव तथा रानीडीह शामिल हैं। शासन की अनुमति से इन क्षेत्रों के आश्रित किसानों को आगामी धान खरीदी सीजन में स्थानीय स्तर पर उपार्जन की सुविधा मिल सकेगी।
नए केंद्रों की स्वीकृति को जिले में कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विशेष रूप से उन किसानों को लाभ होगा, जिन्हें वर्तमान में धान विक्रय के लिए अपेक्षाकृत अधिक दूरी तय करनी पड़ती है।
किसानों ने जताया मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार
नवीन धान उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति पर आश्रित किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। किसानों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर धान उपार्जन केंद्र की सुविधा मिलने से खरीफ सीजन में धान विक्रय को लेकर उनकी परेशानियां कम होंगी।
जिले के सभी विकासखंडों में किसानों की सुविधा और कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले खरीफ विपणन वर्ष में नए उपार्जन केंद्रों के संचालन से किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए बेहतर और सुलभ व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

- सारंगढ़:राधा-कृष्ण बने नन्हे-मुन्ने, न्योता भोज में छलका उत्सव का रंग… - September 3, 2026
- नशे के सौदागरों पर एसपी सुनील शर्मा का शिकंजा, थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की टीम ने NDPS मामले में एक और आरोपी दबोचा… - September 3, 2026
- किसानों को बड़ी सौगात: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खुलेंगे 8 नए धान उपार्जन केंद्र… - September 3, 2026
