सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अपने गठन के चार वर्ष पूर्ण कर पंचम वर्ष में प्रवेश कर गया। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर विधायक निवास में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में जिला जन्मोत्सव सादगीपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले के गठन के संघर्ष, इतिहास और विकास की यात्रा को याद किया।
कांग्रेस नेताओं ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई थी। 3 सितंबर 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दानसरा से रोड शो करते हुए जिला कार्यालय पहुंचकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का विधिवत उद्घाटन किया था। जिले के प्रथम कलेक्टर के रूप में डी. राहुल वेंकट की नियुक्ति हुई थी।
जिला गठन में तत्कालीन सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े तथा बिलाईगढ़ विधायक एवं तत्कालीन संसदीय सचिव चंद्रदेव राय की भूमिका को भी कांग्रेस नेताओं ने महत्वपूर्ण बताया। कांग्रेस द्वारा वर्ष 2023 में खेलभांठा मैदान में जिला जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया था। वहीं सत्ता परिवर्तन के बाद वर्ष 2024 और 2025 में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार के नेतृत्व में अग्रसेन भवन में गरिमामय तरीके से स्थापना दिवस मनाया गया। इस वर्ष विधायक निवास में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सादगीपूर्वक जिला जन्मोत्सव मनाया गया।

“हमने बनाया है, हम ही इसे संवारेंगे”
कार्यक्रम में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का निर्माण क्षेत्रवासियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा,
“हमने बनाया है, हम ही इसे संवारेंगे।” विधायक ने जिले के विकास के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में जिले को विकास की नई दिशा देने के लिए पार्टी पूरी मजबूती से काम करेगी।
अरुण मालाकार ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस जिस स्थिति में जिले को छोड़कर गई थी, आज भी जिला उसी स्थिति में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जिले की कई महत्वपूर्ण शाखाएं एवं आवश्यक सुविधाएं अब तक पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो पाई हैं।
मालाकार ने आरोप लगाया कि जहां-जहां कांग्रेस के विधायक हैं, वहां वित्त मंत्री ओपी चौधरी के चलते विकास शून्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा द्वारा गढ़ी गई “मां और मौसी मां” की परिभाषा का जवाब मतदाता अपने मत के माध्यम से देंगे।
कार्यक्रम में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार, पुरुषोत्तम साहू, विष्णु चंद्रा, सरिता गोपाल, मंजुलता आनंद, राधेश्याम जायसवाल, संजय दुबे, राकेश पटेल, प्रमोद मिश्रा, सोनी अजय बंजारे, रामनाथ सिदार, राजकमल अग्रवाल, शंकर चंद्रा, भागीरथी चंद्रा, किशोर निराला, गौरी चंद्रा, जितेंद्र चंद्रा, विक्की पटेल, आशीष पलांगे, विजय सिदार, कमलेश मेहरा, चूलेंद्र लहरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- सारंगढ़:राधा-कृष्ण बने नन्हे-मुन्ने, न्योता भोज में छलका उत्सव का रंग… - September 3, 2026
- नशे के सौदागरों पर एसपी सुनील शर्मा का शिकंजा, थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की टीम ने NDPS मामले में एक और आरोपी दबोचा… - September 3, 2026
- किसानों को बड़ी सौगात: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खुलेंगे 8 नए धान उपार्जन केंद्र… - September 3, 2026
