सारंगढ़-बिलाईगढ़। ऑनलाइन अपराध और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा 30 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक विशेष ‘साइबर सुरक्षा सप्ताह’ आयोजित किया जा रहा है। “डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल से सुरक्षा” विषय पर केंद्रित इस अभियान के तहत पुलिस आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर ठगी के बदलते तौर-तरीकों की जानकारी देकर सतर्क कर रही है।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर करीब 25 जागरूकता चौपालों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में 4,500 से अधिक नागरिकों एवं विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, फर्जी पुलिस अथवा सीबीआई अधिकारी बनकर धमकाने, डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाने तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के तरीकों से बचाव के उपाय बताए गए।

OTP, PIN और UPI की जानकारी किसी से साझा न करें
पुलिस ने नागरिकों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड नंबर, PIN, CVV, बैंक खाता विवरण या UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई संदिग्ध ऐप अथवा स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर इंस्टॉल न करें।
‘डिजिटल अरेस्ट’ कानून में है ही नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया कि भारतीय कानून में ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम का कोई प्रावधान नहीं है। पुलिस या कोई जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराए या पैसे की मांग करे तो घबराने के बजाय तत्काल कॉल काट दें और किसी भी प्रकार का भुगतान न करें।
ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
साइबर ठगी होने या इसकी आशंका होने पर समय गंवाए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील पुलिस ने की है। इसके साथ ही नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के मुताबिक घटना की तत्काल सूचना मिलने पर ठगी की रकम को ब्लॉक या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का यह अभियान नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ “सतर्क नागरिक, सुरक्षित डिजिटल समाज” की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।


- डिजिटल ठगों पर पुलिस का प्रहार, 4500 लोगों को साइबर सुरक्षा का पाठ… - August 31, 2026
- सारंगढ़:38 साल की खाकी सेवा को सलाम, भावभीनी विदाई के साथ सेवानिवृत्त हुए प्रधान आरक्षक सेतराम सिदार… - August 31, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती से बदमाशों में खौफ, सारंगढ़ में हुई अपराधियों की परेड… - August 31, 2026
