सारंगढ़। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और आए दिन हो रहे सड़क हादसों में लोग अपनी जान गंवा रहे हैं या गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज तड़के सुबह सारंगढ़-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सारंगढ़-बिलासपुर मार्ग पर स्थित ग्राम चंदाई के पास की है। एक मोटरसाइकिल सवार सारंगढ़ से बिलासपुर मार्ग की ओर जा रहा था, वहीं दूसरी बाइक बिलासपुर की तरफ से सारंगढ़ की ओर आ रही थी। ग्राम चंदाई के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने इंसानियत दिखाते हुए डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल एक बाइक सवार ग्राम बड़ेगंतुलि का निवासी बताया जा रहा है, वहीं दूसरा घायल ग्राम रामपुर का रहने वाला है। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
