सारंगढ़-बिलाईगढ़। रक्षाबंधन के पर्व पर जहां हर ओर भाई-बहन के प्रेम और खुशियों का माहौल था, वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव स्थित कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय में एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। कार्यालय में कार्यरत 45 वर्षीय भृत्य हजारी प्रसाद निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह वह मंडी समिति के सचिव कक्ष में सोया हुआ मिला, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई।
मृतक हजारी प्रसाद निषाद शिलपट्टी, थाना तिल्दा क्षेत्र का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही मंडी कार्यालय के कर्मचारियों ने तत्काल भटगांव पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से हजारी प्रसाद को अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सुबह सचिव कक्ष में सोया मिला, हलचल नहीं हुई तो बढ़ा संदेह
भटगांव थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के अनुसार, सुबह कार्यालय के कर्मचारियों ने हजारी प्रसाद को सचिव कक्ष में सोया हुआ देखा था। काफी समय बीतने के बाद भी उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो कर्मचारियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की और उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
हार्ट अटैक की आशंका, लेकिन पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने कार्यालय और मृतक के आसपास रखे सामानों की भी जांच की है।
प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इसके बावजूद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हजारी प्रसाद निषाद की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल भटगांव पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच में जुटी हुई है।
- सारंगढ़:मंडी कार्यालय में पसरा मातम… सचिव कक्ष में मिला भृत्य का शव… - August 30, 2026
- सारंगढ़ में ‘श्रीराम हॉस्पिटल’ के रूप में क्षेत्रवासियों को मिली सबसे आधुनिक संजीवनी…अब सारंगढ़ मे हर गंभीर बीमारी का सटीक इलाज संभव! - August 30, 2026
- इस तरह से बनाएं अंडा करी, पूरा परिवार हो जाएगा आपका दीवाना… - August 30, 2026
