सारंगढ़-बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप एवं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत दानसरा में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं दानसरा निवासी शमशेर सिंह, जनपद सदस्य, सरपंच सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सेवा केंद्र शुरू होने से अब ग्रामीणों को विभिन्न ऑनलाइन एवं डिजिटल कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी, ऑनलाइन आवेदन, विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन, सरकारी सेवाओं तक ऑनलाइन पहुंच, दस्तावेजों से संबंधित डिजिटल सेवाएं तथा ऑनलाइन पंजीयन जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों का समय और आने-जाने का खर्च बचेगा तथा डिजिटल माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ लेना और अधिक सरल होगा।
अटल डिजिटल सेवा केंद्र को ग्रामीणों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और गांव-गांव तक शासन की सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में जनपद सदस्य, सरपंच-सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

