रोज के चावल या सामान्य फ्राइड राइस का स्वाद अब फीका लगने लगा है, तो इस बार कुछ अलग और चटपटा ट्राई किया जा सकता है. मैक्सिकन फ्राइड राइस स्वाद में तीखा, हल्का खट्टा और मसालेदार होता है.

खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा अलग सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. चावल, राजमा, स्वीट कॉर्न और शिमला मिर्च जैसी चीजों से घर पर ही स्वादिष्ट मैक्सिकन फ्राइड राइस तैयार किया जा सकता है. यह लंच या डिनर के लिए आसान और जल्दी बनने वाला विकल्प है.
सामग्री
पके हुए चावल – 3 कप
उबला हुआ राजमा – ½ कप
उबला हुआ स्वीट कॉर्न – ½ कप
टमाटर की प्यूरी – ½ कप
प्याज – 1 मध्यम, बारीक कटा हुआ
शिमला मिर्च – ½ कप, बारीक कटी हुई
लहसुन – 1 बड़ा चम्मच, बारीक कटा हुआ
भुना जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स – ½ छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
ओरेगेनो या मैक्सिकन सीजनिंग – 1 छोटा चम्मच
नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
तेल या मक्खन – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
बनाने की विधि
सबसे पहले कड़ाही या बड़े पैन में तेल या मक्खन गर्म करें. इसमें बारीक कटा लहसुन डालकर करीब 30 सेकंड तक मध्यम आंच पर भूनें. लहसुन की खुशबू आने लगे तो इसमें कटा हुआ प्याज डालें और हल्का गुलाबी होने तक पकाएं.
अब शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर एक से दो मिनट तक चलाते हुए भूनें. इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें. साथ में भुना जीरा पाउडर, चिली फ्लेक्स, काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
मसाले को दो से तीन मिनट तक पकाएं, ताकि टमाटर का कच्चापन निकल जाए और मसाला अच्छी तरह पक जाए. इसके बाद इसमें उबला हुआ राजमा और स्वीट कॉर्न डालें. दोनों को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाकर करीब दो मिनट तक पकाएं.
अब सबसे जरूरी चरण है चावल मिलाना. पके हुए ठंडे चावल कड़ाही में डालें और ऊपर से ओरेगेनो या मैक्सिकन सीजनिंग डालें. चावल को हल्के हाथ से पलटते हुए सब्जियों और मसाले के साथ मिलाएं, ताकि चावल टूटें नहीं.
इसे मध्यम आंच पर दो से तीन मिनट तक पकाएं. जब चावल अच्छी तरह मसाले के साथ मिल जाएं तो गैस बंद कर दें. आखिर में ऊपर से नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालें.
गरमा-गरम मैक्सिकन फ्राइड राइस तैयार है. इसे चाहें तो दही, रायते या किसी पसंदीदा सॉस के साथ परोस सकते हैं.
कुकिंग टिप: मैक्सिकन फ्राइड राइस के लिए ठंडे और पहले से पके हुए चावल इस्तेमाल करने से चावल आपस में चिपकते नहीं हैं और फ्राइड राइस ज्यादा खिले-खिले बनते हैं.
