सारंगढ़। सावन माह के अंतिम सोमवार पर सारंगढ़ नगर सहित आसपास के शिवालयों में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना करते नजर आए। पूरे नगर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
अंतिम सोमवार के अवसर पर फुलझरियापारा हनुमान सेवा समिति कांवरिया संघ के सदस्यों ने चंद्रपुर से पवित्र जल लाकर फुलझरियापारा स्थित भोले बाबा का जलाभिषेक किया। कांवरिया संघ के सदस्य रविवार रात चंद्रपुर पहुंचे थे, जहां स्नान-ध्यान कर विधि-विधान से जल भरने के बाद नंगे पैर सारंगढ़ के लिए रवाना हुए। रास्ते भर कांवरिये नाचते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा पूरी करते रहे।
डीजे की धुन और शिवभक्ति के उत्साह के बीच कांवरिया संघ ने नगर भ्रमण किया और फुलझरियापारा पहुंचकर विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।
वहीं तालेश्वर महादेव से पवित्र जल लेकर सैकड़ों श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते खडगेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। यहां भी भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन के अंतिम सोमवार पर नगर के विभिन्न शिवालयों में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ और गूंजते शिव जयकारों ने सारंगढ़ को आस्था और भक्ति के रंग में रंग दिया।


- जेलपारा में लगेगा सेवा सेतु शिविर, योजनाओं का मिलेगा लाभ… - October 12, 2026
- खुरदरहा-चचरेल में जल अर्पण दिवस, जल संरक्षण का दिया संदेश… - October 12, 2026
- सेवा संकल्प अभियान: कोसीर में स्वच्छता और हरियाली का संदेश… - October 12, 2026
