सारंगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में यातायात पुलिस सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी पहल की गई। यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रियता दिखा रहे जितेंद्र चंद्रा के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सड़क के संवेदनशील हिस्सों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपाय किए।
अभियान के तहत भारत माता चौक से हार्डी बायपास तक सड़क किनारे स्थित ब्लैक स्पॉट्स, तीखे मोड़, डिवाइडर, पुल-पुलियों के किनारे तथा बिना जलती लाइटों वाले भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया गया। इस पहल का उद्देश्य रात के समय वाहन चालकों को सड़क की स्थिति, मोड़ और संभावित अवरोध दूर से ही स्पष्ट दिखाई देना है।

रात के अंधेरे में रिफ्लेक्टर बनेगा सुरक्षा कवच
रिफ्लेक्टर टेप वाहन की रोशनी पड़ते ही चमकता है, जिससे अंधेरे में सड़क किनारे मौजूद अवरोध अथवा भारी वाहन दूर से ही नजर आने लगते हैं। इससे वाहन चालकों को संभावित खतरे को समय रहते भांपने, सतर्क होने और वाहन की गति नियंत्रित करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा। यातायात पुलिस की इस पहल से रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
मौके पर वाहन चालकों को भी किया जागरूक
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों को रोककर रिफ्लेक्टर टेप के महत्व की जानकारी दी। साथ ही सुरक्षित ड्राइविंग तकनीक, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे रात में विशेष सावधानी बरतें और सड़क की परिस्थितियों के अनुरूप ही वाहन चलाएं।
सुरक्षित सफर के लिए पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने आम जनता और सभी वाहन चालकों से अपील की है कि रात्रि में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन करें, आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सड़क पर लगे रिफ्लेक्टर और अन्य यातायात संकेतकों का विशेष ध्यान रखें।
जितेंद्र चंद्रा की सक्रियता और यातायात पुलिस की यह सुधारात्मक पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रवैये को दर्शाती है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात पुलिस द्वारा आमजनों के सुरक्षित सफर को प्राथमिकता देते हुए जागरूकता एवं दुर्घटना रोकथाम के ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।


- थाना प्रभारी टीकाराम खटकर की पहल से 440 विद्यार्थियों-शिक्षकों को मिली साइबर सुरक्षा की सीख… - August 22, 2026
- निर्जला या फलाहार, पहली बार कैसे रखें पुत्रदा एकादशी का व्रत? यहां दूर करें कंफ्यूजन… - August 22, 2026
- फेफड़ों में कैंसर होने के बावजूद क्यों नहीं दिखते लक्षण? डॉक्टर ने समझाया कारण…. - August 22, 2026
