सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध नशे, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसने पुलिस प्रशासन लगातार सघन कार्रवाई कर रहा है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के कड़े निर्देशों के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डोंगरीपाली पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवादी साहू के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 14 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर तत्काल घेराबंदी
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिरनीपाली बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सत्यवादी साहू ने तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चार पैकेटों में कुल 4 किलो 14 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजा गया आरोपी
मामले में डोंगरीपाली थाना में अपराध क्रमांक 38/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी की सक्रियता से नशे के कारोबारियों में हड़कंप
डोंगरीपाली थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवादी साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की सतर्कता और तत्परता को भी सामने ला दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक कुंवर टोप्पो, छोटेलाल सिदार, प्रधान आरक्षक रामदयाल, गजानंद पटेल, आरक्षक सुदर्शन राणा, किरण यादव सहित डोंगरीपाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सत्यवादी साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
