सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में जिले में कुपोषण उन्मूलन की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयास लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण गृह (एनआरसी) का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यभामा नायक, जनपद अध्यक्ष डॉ. विद्या चौहान सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में भारत माता एवं भगवान धन्वंतरी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित, माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर केंद्र का शुभारंभ हुआ।

कुपोषित बच्चों के उपचार में बनेगा सहारा
विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एनआरसी शुरू होने से क्षेत्र के कुपोषित एवं कमजोर बच्चों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यहां बच्चों को उनकी माताओं के साथ रखकर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जाएगा। केंद्र में पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान और उचित देखभाल से उन्हें कुपोषण से बाहर लाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से 10 बिस्तरीय आदर्श सुपोषण केंद्र की शुरुआत की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि कुपोषित बच्चों को एनआरसी तक लाकर शासन की सुविधाओं का लाभ दिलाएं, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को गति मिल सके।
उन्होंने कहा कि एनआरसी के माध्यम से क्षेत्र के कुपोषित बच्चों को उपचार, पोषण आहार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे कुपोषण से जूझ रहे बच्चों के स्वास्थ्य सुधार और मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।
सीएचसी का निरीक्षण कर दिए जरूरी निर्देश
शुभारंभ कार्यक्रम के बाद कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी एवं आईपीडी की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम उमेश कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. विद्या चौहान, जिला पंचायत सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक एवं सहोद्रा सिदार, मनोहर पटेल, किशोर पटेल, ताराचंद पटेल, गरिमा पटेल, पुनीतराम चौहान, गनेशी चौहान, राजकिशोर पटेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश पाणिग्राही, डॉ. संजय पटेल, डॉ. नारायण राठौर, बीपीएम ईश्वर प्रसाद दिनकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
- सारंगढ़:महानदी में बाढ़ का मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी बचाव तैयारियों की जमीनी हकीकत… - August 20, 2026
- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की मुस्तैदी से अवैध शराब पर शिकंजा, 70 पाउच महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार… - August 20, 2026
- रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, बैजयंती लहरे ने दी बधाई… - August 20, 2026
