सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि विभागीय वेबसाइट पर प्रदर्शित की गई है।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में 20 अगस्त 2026 तक सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर काउंसलिंग स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

काउंसलिंग के लिए ये दस्तावेज जरूरी
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक/प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र तथा संबंधित श्रेणी के आवश्यक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे।
नक्सल पीड़ित श्रेणी के विद्यार्थियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जबकि अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र एवं विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र भी आवश्यक है।
विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को काउंसलिंग के दौरान दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे होने, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे अथवा देश की रक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
प्रवेश के बाद भी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य
काउंसलिंग के बाद संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता होने पर विद्यार्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
विभाग ने चयनित विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी मूल एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित हों, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
काउंसलिंग से संबंधित छात्र-छात्राओं की सूची एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट eklavya.cg.nic.in पर देखी जा सकती है।
- प्रयास आवासीय विद्यालय में द्वितीय काउंसलिंग 20 अगस्त तक, जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचे चयनित विद्यार्थी… - August 19, 2026
- पशुपालकों को 2.07 करोड़ का KCC ऋण, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पशुपालन को मिला बड़ा सहारा… - August 19, 2026
- एसपी सुनील शर्मा के सख्त निर्देश, थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की ताबड़तोड़ कार्रवाई—45 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो शराब कोचिए गिरफ्तार… - August 19, 2026
