सरिया। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए सरिया पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निनिशा पाण्डेय तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को सरिया वार्ड नंबर 08 निवासी श्याम सुंदर दास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह खजुरिया तालाब स्थित शिव मंदिर का पुजारी है। 10 अगस्त की शाम करीब 7 बजे पूजा-पाठ करने के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे मंदिर पहुंचने पर मुख्य शटर गेट में लगे दोनों ताले टूटे मिले। मंदिर के अंदर रखी हनुमान जी एवं रामजी की प्रतिमाओं के पास से कांस की घंटियां, कांस का घंटा, पीतल की बड़ी परात, पीतल की छोटी थालियां, कांस का दिया तथा तांबे के दो बड़े लोटे सहित करीब 4,000 रुपये का सामान चोरी होना पाया गया।
मामले में थाना सरिया में अपराध क्रमांक 179/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान 16 अगस्त 2026 को सरिया वार्ड नंबर 14 निवासी कन्दर्प प्रधान ने अपनी हीरो जेट साइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11:20 बजे साइकिल को दुकान के पीछे दीवार से टिकाकर काम कर रहे थे। करीब 11:30 बजे वापस जाकर देखा तो करीब 3,500 रुपये कीमत की साइकिल गायब थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति साइकिल ले जाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही डोरीलाल सिदार पिता फगनु सिदार, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम छिन्दपतेरा, थाना डोंगरीपाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने साइकिल चोरी के साथ-साथ कुछ दिन पूर्व खजुरिया तालाब स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात को भी स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी की हीरो जेट साइकिल तथा घटना में प्रयुक्त सरिया रॉड बरामद कर जप्त की। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से चोरी किए गए कांस-पीतल के सामान को फेरी करने वाले कबाड़ियों को करीब 1,000 रुपये में बेचने और प्राप्त रकम खर्च कर देने की बात बताई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

थाना प्रभारी की सक्रियता से मिली सफलता
चोरी के दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी तक पहुंचने में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने कम समय में आरोपी की पहचान कर दोनों घटनाओं का खुलासा किया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराध नियंत्रण के प्रति गंभीरता सामने आई है।
इस कार्रवाई में सउनि कमल सिंह राजपूत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेन्द्र कुमार, प्र.आर. अनिल साहू, आरक्षक क्रमांक 142 अमृत केंवट, आरक्षक दिलीप साहा एवं आरक्षक नर्मदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरिया पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी सहित जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
- प्रयास आवासीय विद्यालय में वर्षा निराला का चयन, सारंगढ़ में हर्ष… - August 18, 2026
- सारंगढ़:जनदर्शन में कलेक्टर का सख्त निर्देश,शिकायतों का समयबद्ध हो निराकरण… - August 18, 2026
- तिरंगे की शान में गूंजा देशभक्ति का संदेश, कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने किया ध्वजारोहण… - August 18, 2026
