सारंगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सारंगढ़ में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्टर कार्यालय में गरिमामय ढंग से राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। सुबह 8 बजे उन्होंने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर ध्वजारोहण किया। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों और विचारों की प्रस्तुति देकर स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ाया।
कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक दिन आजादी का जश्न मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि हमें प्रतिदिन अपने कर्तव्यों के माध्यम से आजादी की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट या किसी भी शासकीय कार्यालय में आने वाले लोगों के आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन कर उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना ही सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि शासकीय सेवक के रूप में आम नागरिकों की हरसंभव सहायता करें और सरकार द्वारा नागरिकों को दिए गए अधिकारों एवं सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का भी समय-सीमा में त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण अधिकारी विनय तिवारी ने देशभक्ति गीत “दिल दिया है, जान भी देंगे” की प्रस्तुति दी। गीत की प्रस्तुति से सभाकक्ष देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ।



- मिनीमाता बांगो जलाशय के 7 गेट खुले, 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया; महानदी के तटीय जिलों में अलर्ट… - August 15, 2026
- कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिलाया देशसेवा का संदेश, जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण ही सच्ची देशभक्ति… - August 15, 2026
- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस पर सारंगढ़ में देशभक्ति का ज्वार, सांसद राधेश्याम राठिया ने किया ध्वजारोहण… - August 15, 2026
