सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 अक्टूबर 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस और ANTF की टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए करीब 103 किलो गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। दोनों मामलों में जब्त गांजा सहित वाहनों और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 89.75 लाख रुपए बताई गई है।

बेलादुला में 39.76 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई चौकी बेलादुला, थाना सरसीवा क्षेत्र में हुई। सूचना के आधार पर पुलिस और ANTF टीम ने तेंदूदरहा के पास घेराबंदी कर नारंगी-लाल रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 04 NB 2816 को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन के पीछे रखी लोहे की अलमारी के भीतर भूरे टेप में लपेटकर रखे गए 35 पैकेटों में 39.76 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई।
इस मामले में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के निवासी अनुज कुमार गौतम और टिंकू वर्मा को गिरफ्तार किया गया। गांजे के अलावा आयशर वाहन, लोहे की चद्दर और दो मोबाइल सहित कुल 45.20 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई।
भटगांव में पुलिस की घेराबंदी से नहीं बच सके तस्कर
दूसरी बड़ी कार्रवाई थाना भटगांव क्षेत्र में हुई। पुलिस द्वारा MCP लगाकर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। एक ऑल्टो कार के चालक ने भागने का प्रयास किया, जबकि पीछे आ रही FRONX कार ने स्टॉपर को टक्कर मारकर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने जांजगीर पुलिस से समन्वय स्थापित कर गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक बोरियों में 63.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट एवं BNS के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वाहनों और मोबाइल समेत 44.55 लाख की जब्ती
इस प्रकरण में गांजे के अलावा FRONX कार, ऑल्टो कार और 7 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 44.55 लाख रुपए बताई गई है।
एसपी के नेतृत्व में कार्रवाई बनी चर्चा का विषय
अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी कार्रवाइयों ने जिले में पुलिस की सक्रियता को सामने रखा है। उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले तस्करी नेटवर्क पर पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सूचना तंत्र, वाहन चेकिंग, घेराबंदी और अंतरजिला पुलिस समन्वय के जरिए की गई कार्रवाई पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है।
पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 103 किलो गांजा और लगभग 89.75 लाख रुपए का माल जब्त होना नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान की बड़ी कार्रवाई के रूप में सामने आया है।




