सारंगढ़। स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व जिले में पूरे उत्साह, उमंग, गौरव और गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत से हुआ। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। तिरंगा लहराते ही पूरा मैदान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में जिला पुलिस बल पुरुष, जिला पुलिस बल महिला, एनसीसी पुरुष, एनसीसी महिला, स्काउट-गाइड तथा रेडक्रॉस के दल शामिल हुए। विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासन, कदमताल और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद हर्ष फायर, राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का धुन वादन तथा ‘राष्ट्रपति की जय’ का सामूहिक जयघोष किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेश में विकास, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नागरिकों की खुशहाली के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इसके बाद उन्होंने उल्लास और उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोड़कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने परेड में नेतृत्व करने वाले विभिन्न दलों के कप्तानों से परिचय प्राप्त किया। परेड में शामिल जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड एवं रेडक्रॉस के विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया।

शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा शहीद जवानों के परिवारजनों को मुख्य अतिथि द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इनमें सरसीवां के उप निरीक्षक विवेक शुक्ला एवं ट्रेड आरक्षक नंदकुमार साहू, ग्राम संडा के आरक्षक सुभाष बेहरा तथा ग्राम कपिस्दा के वीर सिंह श्रीवास के परिजन शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने पूर्व सैनिकों से भेंट कर उन्हें भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
समारोह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों सहित समाजसेवी, डॉक्टर और खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान समारोह का महत्वपूर्ण आकर्षण रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे आकर्षक और भावपूर्ण पक्ष स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान मोना मॉर्डन स्कूल सारंगढ़, द्वितीय स्थान आदर्श ज्योति विद्यालय छिंद तथा तृतीय स्थान शासकीय हाईस्कूल हरदी (सारंगढ़) ने प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल (सेजेस) भटगांव, सारंगढ़ के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अशोका पब्लिक स्कूल, सीपीएम स्कूल और संत थामस स्कूल के विद्यार्थियों ने नृत्य एवं अभिनय की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
परेड में इन दलों ने मारी बाजी
परेड के जूनियर डिवीजन में प्रथम स्थान जूनियर डिवीजन सेजेस सारंगढ़, द्वितीय स्थान जूनियर विंग सेजेस सारंगढ़ तथा तृतीय स्थान स्काउट रोवर शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सारंगढ़ ने प्राप्त किया।
सीनियर डिवीजन में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल (सशस्त्र बल) को मिला। द्वितीय स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन तथा तृतीय स्थान पुलिस विभाग की दूसरी टीम ने हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्लाटूनों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
मुख्य समारोह में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, नगरपालिका अध्यक्ष सोनी बंजारे, जिला पंचायत सदस्य लता लक्ष्मे, पूर्व विधायक शमशेर सिंह, छबिलाल रात्रे, केराबाई मनहर, कामदा जोल्हे, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं उनके परिजन, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, गणमान्य नागरिक ज्योति पटेल, सुभाष जालान, पत्रकारगण, अधिकारी-कर्मचारी, पालक तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
पूरे समारोह में तिरंगे की शान, देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच स्वतंत्रता दिवस की खुशियां देखने को मिलीं। कार्यक्रम का शानदार संचालन तोषी गुप्ता एवं रामभूषण तिवारी ने किया।




- मिनीमाता बांगो जलाशय के 7 गेट खुले, 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया; महानदी के तटीय जिलों में अलर्ट… - August 15, 2026
- कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिलाया देशसेवा का संदेश, जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण ही सच्ची देशभक्ति… - August 15, 2026
- सारंगढ़:स्वतंत्रता दिवस पर सारंगढ़ में देशभक्ति का ज्वार, सांसद राधेश्याम राठिया ने किया ध्वजारोहण… - August 15, 2026
