सारंगढ़। स्थानीय अशोका पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एपीएस संरक्षक राजेश अग्रवाल, संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल, समाजसेवी महेन्द्र अग्रवाल, प्रतिभा मिश्रा, मधुदेवी अग्रवाल, अधिवक्ता दीपक तिवारी, प्राचार्य जशवंत मिश्रा एवं उप प्राचार्या प्रीति अवस्थी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान की धुन और भारत माता के जयकारों से पूरा विद्यालय प्रांगण गूंज उठा। वहीं ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ को यादगार बनाते हुए सम्मानपूर्वक राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परेड प्रस्तुत कर अनुशासन और देशभक्ति का शानदार परिचय दिया। मंचासीन अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। एमा श्रुति कुजूर ने स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने गीत, कविता, भाषण और एकांकी सहित विभिन्न प्रस्तुतियों से देशभक्ति का संदेश दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को भाव-विभोर कर दिया।
प्राचार्य जशवंत मिश्रा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थी जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से सदैव अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया। समाजसेवी महेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में अशोका विद्यालय के विद्यार्थियों का जिला स्तर पर टॉपर रहना पूरे अंचल के लिए गर्व की बात है।
संचालक पुरुषोत्तम अग्रवाल ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को सदैव सम्मान देने की बात कही। संरक्षक राजेश अग्रवाल ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना एवं जवाहर उत्कर्ष शिक्षा योजना के तहत विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा का लाभ ले रहे प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और सभी बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि संजय भूषण पाण्डेय ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को प्रसाद वितरित किया गया। उप प्राचार्या प्रीति अवस्थी ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले अतिथियों, विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।

- अशोका पब्लिक स्कूल में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा परिसर… - August 15, 2026
- अभियान संवेदना का बड़ा असर: महिला से दुर्व्यवहार के आरोप में व्याख्याता गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल… - August 15, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की पहल से साइबर अपराध पर वार—सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जागरूकता की नई मुहिम शुरू…. - August 15, 2026




