सारंगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने दिल्ली स्थित वेदांता हॉस्पिटल पहुंचकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव से मुलाकात की। उन्होंने सिंहदेव के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी और शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि गत दिनों कार दुर्घटना में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली ले जाया गया, जहां वेदांता हॉस्पिटल में उनका उपचार जारी है और वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
अस्पताल में मुलाकात के दौरान संजय भूषण पांडेय ने चिकित्सकों से उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने किरण सिंहदेव से बातचीत कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, यही सभी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की कामना है।
इस अवसर पर मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय एवं महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय भी मौजूद रहीं। सभी ने किरण सिंहदेव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान किरण सिंहदेव ने सभी का आभार व्यक्त किया। आत्मीय मुलाकात के दौरान आपसी सौहार्द और संगठनात्मक संबंधों की मजबूती का संदेश भी सामने आया।





